1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब आए ऑस्ट्रेलिया के रिटायर्ड टीचर गायब, 22 मई से फोन बंद; बेटी ने CM मान से लगाई मदद की गुहार

पंजाब आए ऑस्ट्रेलिया के रिटायर्ड टीचर गायब, 22 मई से फोन बंद; बेटी ने CM मान से लगाई मदद की गुहार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 02, 2026 04:55 pm IST,  Updated : Jun 02, 2026 05:02 pm IST

ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की बेटी ने अपने पिता का पता लगाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री से मदद की अपील की है। 22 मई से रिटायर्ड टीचर का मोबाइल फोन बंद आ रहा था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PEXELS.COM

अमृतसर: पंजाब में संपत्ति के सिलसिले में आए एक 66 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई नागरिक और रिटायर्ड टीचर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। इस मामले में अब उनकी बेटी सुरभि शर्मा ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपने पिता को ढूंढने के लिए मदद की गुहार लगाई है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने इस संबंध में अपहरण का मामला दर्ज किया है।

22 मई से बंद है मोबाइल

मूल रूप से पंजाबी और ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में गणित के शिक्षक रहे सुनील शर्मा 22 मई से अमृतसर से लापता हैं। उनका मोहाली में भी एक घर है। उनका परिवार वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है। आस्ट्रेलिया से परिजन उनके साथ संपर्क नहीं कर पा रहे थे, क्योंकि 22 मई से उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है। यह मामला आस्ट्रेलियाई मीडिया ने भी उठाया है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस की जांच के अनुसार, सुनील शर्मा के भाई सनी शर्मा इस मामले में मुख्य संदिग्ध हैं। सनी अपने परिवार के साथ फरार है। 

बेटी सुरभि शर्मा की भावुक अपील

एक वीडियो संदेश में सुनील शर्मा की बेटी सुरभि शर्मा ने पंजाब के मुख्यमंत्री से अपने पिता को ढूंढने में मदद करने की अपील की। सुरभि ने कहा, "मैं अपने पिता की वापसी के लिए मदद मांग रही हूं। मेरे पिता 22 मई से अमृतसर से लापता हैं। हमें अभी तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका फोन बंद है।" उन्होंने बताया कि उनके पिता ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में गणित के शिक्षक थे।

संपत्ति पर पुताई का काम करवाने आए थे 

सुरभि ने कहा, "मेरे पिता पंजाबी हैं और उन्हें पंजाब से बहुत प्यार है। उन्हें पंजाब से इतना प्यार था कि उन्होंने वहां संपत्ति खरीदने के लिए निवेश किया।" सुरभि ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य सरकार से अनुरोध किया कि वे अपने संसाधनों का उपयोग कर उन्हें ढूंढने में मदद करें। उन्होंने कहा कि उनके पिता अमृतसर में संपत्ति पर पुताई का काम करवाने गए थे। 

मामला सामने आने के बाद अमृतसर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है। कांबो थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया, "सनी अपने परिवार के साथ फरार है। हम उसे जल्द ही पकड़ लेंगे।" अधिकारी ने बताया कि सनी हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में भी फरार है।

ये भी पढ़ें-

सिक्योरिटी टाइट, ट्रैफिक कॉरिडोर... डीके शिवकुमार की ताजपोशी के लिए बेंगलुरु तैयार, 2 जोन में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

ट्विशा शर्मा मौत का मामला: 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए समर्थ और गिरिबाला सिंह, जानें दोनों को कहां रखा जाएगा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।