1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर लौट रहे ASI की गोलियों से भूनकर हत्या, एक महीने पहले भतीजे का भी हुआ था मर्डर

गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर लौट रहे ASI की गोलियों से भूनकर हत्या, एक महीने पहले भतीजे का भी हुआ था मर्डर

पंजाब के तरनतारन नें रविवार को पुलिस ASI की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब ASI इकबाल सिंह गांव के स्थानीय गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।

ASI इकबाल सिंह की फाइल...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ASI इकबाल सिंह की फाइल फोटो।

पंजाब के तरनतारन जिले में रविवार को एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। थाना सरहाली के अंतर्गत आने वाले गांव नौशहरा पन्नूआ में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने फिरोजपुर पुलिस में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) इकबाल सिंह को निशाना बनाते हुए उन पर गोलियां चला दीं। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

गुरुद्वारा साहिब से लौटते समय बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार, ASI इकबाल सिंह रविवार को गांव के स्थानीय गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान वह सिविल कपड़ों में थे और ड्यूटी पर नहीं थे। इसी बीच मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर नजदीक से गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

एक महीने पहले भतीजे की भी हुई थी हत्या

इस वारदात से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी यह है कि ASI इकबाल सिंह के भतीजे की भी करीब एक महीने पहले हत्या हुई थी। अब खुद इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। हालांकि, भतीजे की हत्या और इस वारदात के बीच किसी संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के पीछे की वजह सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इससे पहले अमृतसर में ASI हरजीत सिंह को अनजान हमलावरों ने मार डाला था। मोटरसाइकिल पर पेट्रोलिंग के दौरान उनको गोली मारी गई थी। 

(रिपोर्ट- विशाल शर्मा)

यह भी पढ़ें-

पंजाब के चर्चित मैड संधू हत्याकांड के 3 आरोपी गुजरात के वलसाड जिले से गिरफ्तार, भागने की फिराक में थे

फतेहपुर में खूनी खेल, 24 घंटे के अंदर दूसरी वारदात, ट्यूबवेल पर सो रहे 65 साल के बुजुर्ग की हत्या