A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. मधुमक्खी काटने से हुई मौत, अंतिम संस्कार करने गए तो फिर से कर दिया हमला, एक और ने तोड़ा दम

मधुमक्खी काटने से हुई मौत, अंतिम संस्कार करने गए तो फिर से कर दिया हमला, एक और ने तोड़ा दम

राजस्थान में गर्मी की शुरुआत के साथ ही मधुमक्खियों के हमलों का खतरा बढ़ने लगा है। ताजा मामला चित्तौड़गढ़ के पारसोली गांव का है। यहां मोक्षधाम में अंतिम संस्कार करने आए लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। ये हमला इतना घातक था कि करीब 4 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

मधुमक्खियों के हमले...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मधुमक्खियों के हमले से चार दर्जन से ज्यादा ग्रामीण घायल।

चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली गांव में बुधवार सुबह श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। ये हमला इतना घातक था कि करीब 4 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, वहीं 5 गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया। 

जानकारी के अनुसार बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली गांव में मंगलवार को कितीयास गांव से पूजा कर लौट रहे जमनालाल पुत्र पन्नालाल शर्मा मधुमक्खियों के हमले से घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया था। बुधवार सुबह करीब 4 बजे जमनालाल शर्मा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मोक्षधाम में शव छोड़कर भागे ग्रामीण

इधर बुधवार सुबह जमनालाल शर्मा की शवयात्रा घर से श्मशान घाट पहुंची, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान मधुमक्खियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। एकाएक मधुमक्खियों के हमले से श्मशान घाट पर अफरा तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीण शव छोड़कर भाग गए। 

PPE किट पहनकर किया अंतिम संस्कार

मामले की जानकारी पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मृतक का अंतिम संस्कार विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया। मधुमक्खियों के हमले के कुछ समय बाद पीपीई किट पहनकर कुछ ग्रामीण श्मशान घाट पर पहुंचे और शव का अंतिम संस्कार किया।

एक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

मधुमक्खियों के हमले से करीब 4 दर्जन से अधिक व्यक्ति घायल हुए, जिनमें से 5 गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। वहीं, रेफर किए गए लोगों में शामिल भवानी शंकर शर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई।

यह भी पढ़ें-

राजस्थान में 'MP मावल' लिखी फॉर्च्यूनर का एक्सीडेंट, लेह-लद्दाख घूमकर पुणे लौट रहे 3 दोस्तों की मौत

राजस्थान में नेशनल हाईवे पर तेल से भरा टैंकर पलटा, 200 मीटर का आग का दरिया बनी सड़क; 1 जिंदा जला