राजस्थान में जमकर बरसे मेघ, अगले 5 दिन भारी बारिश की चेतावनी, आज इन जिलों में IMD का रेड अलर्ट
राजस्थान में जोरदार मानसूनी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकतर जिलों में 5 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में मानसून सक्रिय हो चुका है। इसी के साथ ही पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। जोधपुर में बारिश से संबंधित घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। भीलवाड़ा में भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए। राजस्थान में 1 जून से अब तक सामान्य से 133 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है।
5 दिन भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 23-24 जून को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी/अति भारी बारिश हो सकती है। 23 जून को कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग में एक दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की भी संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 25-27 जून के दौरान आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
आज कहां है बारिश का अलर्ट?
मौसम विभाग ने टोंक और बूंदी जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके अलावा बारां, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, सिरोही, जालोर, राजसमंद, पाली, अजमेर, नागौर, भरतपुर, धौलपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर और बीकानेर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
थाने में भरा पानी, सामान बचाते नजर आए जवान
वहीं, आपको बता दें कि बारां जिले के भंवरगढ़ कस्बे के थाना में रविवार रात भारी बारिश के बाद थाने के अंदर 3-4 फीट पानी भर गया जिसके चलते पूरा अंदर रखे दस्तावेज खराब हो गए। पुलिस के जवान सामान को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। यहां का सरकारी स्कूल भी पानी में डूब गया है। स्कूल के चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है।
जोधपुर में पति-पत्नी सहित 3 की मौत
इससे पहले शनिवार को जोधपुर में बरसाती नाले में पानी के तेज बहाव में कार में सवार 3 लोगों की मौत हो गई। बरसाती नाले में बहने वाले पानी का वेग इतना तेज था कि कार सवारों को बचने का मौका ही नहीं मिला। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से शवो को बाहर निकला।
जानकारी के अनुसार जोधपुर शहर से 30 किलोमीटर दूर दईजर क्षेत्र से आज सुबह अपने परिचित के साथ मथानिया क्षेत्र में स्थित राधा रानी मंदिर के दर्शन करने के लिए घर से निकले थे दर्शन करके जब लौटे इस दौरान तेज बारिश के कारण दईजर इलाके में आटिया नाला में पानी का बहाव आ गया तेज बारिश के कारण बरसाती नाले में पानी उफान पर आ गया। इस दौरान कार में सवार होकर प्लाईवुड व्यवसाय हरि भंडारी समेत चार लोग इस बरसाती नाले की तरफ से गुजर रहे थे। लेकिन पानी उफान पर आ गया। नाले में पानी का तेज बहाव होने से कार असंतुलित होकर पानी में बह गई।
सुबह किया सामूहिक योग, फिर निकले जीवन की अंतिम यात्रा पर
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कार में सवार लोग पानी में डूबी कार में फंस गए और वे जोर जोर से दरवाजा बजा रहे थे। इतने में एक पारस सोलंकी नामक ग्रामीण पानी के कूदा और कार का कांच फोड़कर पीछे की सीट पर बैठी एक महिला को बाहर निकाला। इसके बाद एक पुरुष को बाहर निकाला लेकिन पानी का बहाव तेज था जिसके कारण वह पानी में बह गया। उस युवक ने कार में आगे की सीट पर बैठे एक महिला और पुरुष को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन उनका सीट बेल्ट टाइट था, ऐसे में वह उन्हें नही निकाला पाया।
इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर जेसीबी बुलाई और कार को बाहर निकाला लेकिन कार में आगे सवार हरि भंडारी और उर्मिला लाहोटी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में सम्पत लाहोटी नामक व्यक्ति पानी में बहकर लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलने बाद लोगों ने हरि भंडारी की कुछ तस्वीरें शेयर की जिसमें वे योग दिवस पर सामूहिक योग करते नजर आ रहे थे।
(रिपोर्ट- चंद्रशेखर व्यास, राम मेहता)
यह भी पढ़ें-