1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. कार ने टर्न लिया और टकरा गई बाइक, 7-8 फीट हवा में उछलकर गिरे स्टूडेंट्स; खौफनाक मंजर CCTV में कैद

कार ने टर्न लिया और टकरा गई बाइक, 7-8 फीट हवा में उछलकर गिरे स्टूडेंट्स; खौफनाक मंजर CCTV में कैद

झुंझुनूं में मंडावा रोड पर गुरुवार देर शाम कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 2 स्टूडेंट्स हवा में उछलकर गिर गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

कार से टकराई तेज...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कार से टकराई तेज रफ्तार बाइक।

राजस्थान के झुंझुनूं शहर के मंडावा रोड पर जिला स्वर्ण जयंती स्टेडियम के पास गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक और कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों स्टूडेंट्स करीब 7 से 8 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। दुर्घटना में दोनों स्टूडेंट्स घायल हो गए, जिन्हें बीडीके अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

कार से टकराकर हवा में उछले स्टूडेंट्स

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम दोनों स्टूडेंट्स बाइक से मंडावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने किसान कॉलोनी की तरफ मुड़ने के लिए टर्न लिया। तभी तेज रफ्तार बाइक कार से टकरा गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं।

स्टेडियम के पास ब्रेकर नहीं, तेज रफ्तार वाहनों से हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। यहां से किसान कॉलोनी की ओर जाने का रास्ता निकलता है, लेकिन वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया है। इस मार्ग पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों और कॉलोनी की तरफ मुड़ने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

हादसा सीसीटीवी में कैद-

प्रतिदिन 500 से ज्यादा बच्चे आते हैं स्टेडियम

जिला स्वर्ण जयंती स्टेडियम में रोजाना करीब 500 से 700 बच्चे खेल गतिविधियों और अभ्यास के लिए आते हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही काफी रहती है। कई बसें और अन्य वाहन भी इस मार्ग से तेज गति में गुजरते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्टेडियम के पास सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और हादसों का खतरा कम किया जा सके।

वहीं, आपको बता दें कि इस हादसे से 2 दिन पहले ही झुंझनू में हिट एंड रन का मामला सामने आया था। यहां एक थार की टक्कर से 3 लोगों की मौत हो गई थी।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

राजस्थान के बाला जी मंदिर से दर्शन करके घर आ रहा था पूरा परिवार, सड़क हादसे में पति-पत्नी और बच्चे की मौत, 2 घायल

बकरी को बचाने के चक्कर में भीषण हादसा, बाइक और चारपहिया वाहन की टक्कर में 3 की मौत-VIDEO