हरियाणा के गुरुग्राम के सोहना में बॉम्बे एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के रोंगटे खड़े कर देने वाली दुर्घटना सामने आई है। राजस्थान के प्रसिद्ध बालाजी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की कार हादसे में मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
सुबह 4 बजे हुआ हादसा
यह भीषण दुर्घटना सोहना क्षेत्र के धुनेला गांव के पास बॉम्बे एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब 4 बजे घटित हुई। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के रजोकरी इलाके में किराए पर रहने वाले बम बम, जो पेशे से टैक्सी ड्राइवर थे। अपने पूरे परिवार के साथ राजस्थान स्थित बालाजी मंदिर दर्शन के लिए गए थे।
परिवार के साथ लौट रहे थे दिल्ली
दर्शन पूजन के बाद बम बम अपनी पत्नी और तीनों बच्चों के साथ कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे। एक्सप्रेसवे पर धुनेला गांव के पास अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी एक बस से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान बम बम कुमार, रूपा देवी और माही के रूप में हुई है।
एक साल की बच्ची भी गंभीर रूप से घायल
वहीं, घायलों की पहचान 11 वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। इस हादसे में 1 साल की बच्ची भी गंभीर रूप से घायल है। हादसे की भयावहता देख आसपास मौजूद लोग और गश्त पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। भारी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
घायलों की स्थिति चिंताजनक
हालांकि, डॉक्टरों ने पति बम बम, उनकी पत्नी और एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
श्रद्धा और आस्था की यात्रा से लौट रहे परिवार पर टूटे इस दुख के पहाड़ से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुट गई है। वहीं, दूसरी ओर मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर दो बसों और एक कैंटर की भीषण टक्कर में कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गोहित कौशिक की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
ISI आतंकी शहजाद का हैंडलर कुलवंत अली फरीदाबाद से गिरफ्तार, हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में था वांटेड