A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. हिरण का शिकार करने से रोका तो बेदर्दी से कर दी हत्या, रात भर खेत में तड़पता रहा किसान; जैसलमेर का है मामला

हिरण का शिकार करने से रोका तो बेदर्दी से कर दी हत्या, रात भर खेत में तड़पता रहा किसान; जैसलमेर का है मामला

जैसलमेर के डांगरी गांव में एक किसान की बर्बरता से हत्या कर दी गई, क्योंकि उसने कुछ शिकारियों को हिरण का शिकार करने से रोका था। इस जघन्य वारदात के बाद गांव में तनाव व्याप्त है।

हिरण शिकार विवाद में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हिरण शिकार विवाद में हत्या के बाद डांगरी गांव में तनाव।

राजस्थान के जैसलमेर जिले के डांगरी गांव में हिरण का शिकार करने से रोकने पर शिकारियों ने किसान पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और एक दुकान को आग लगा दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस घटना को लेकर पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। इलाके में तनाव व्याप्त है। गुस्साई भीड़ गांव में घुस गई जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पत्थर फेंके। पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

क्या है पूरा मामला, पुलिस ने क्या बताया?

जैसलमेर के SP अभिषेक शिवहरे ने बताया कि घटना मंगलवार रात डांगरी गांव में उस समय हुई जब 50 वर्षीय किसान खेत सिंह अपने खेत में सो रहे थे। पुलिस के अनुसार तीन शिकारियों लाडू खान, आलम खान और खेते खान ने हिरण का शिकार करने से रोकने पर किसान पर हमला कर दिया। अधिकारी ने बताया कि किसान रात भर घायल अवस्था में पड़ा रहा और इस घटना का पता सुबह तब चला जब कुछ किसानों ने उसे घायल अवस्था में देखा और फतेहगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया

अधिकारी ने बताया कि हालत गंभीर होने के कारण किसान को फतेहगढ़ से बाड़मेर रेफर कर दिया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

Image Source : reporter inputपुलिस छावनी बना गांव।

शिकारियों का विरोध, रंजिश ने ली जान

मंगलवार की रात खेत सिंह अपने मवेशियों के बाड़े के पास सो रहे थे। गांव के ही कान सिंह ने बताया कि कुछ शिकारी वहां आए थे। जब खेत सिंह ने उनका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन्हें बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना इतनी क्रूर थी कि इसने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया है।  

गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की दुकान में लगाई आग

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एक आरोपी की टायर-ट्यूब की दुकान में आग लगा दी। एसपी ने बताया कि तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण किसान द्वारा हिरण के शिकार पर आपत्ति जताना प्रतीत होता है। आगे की जांच जारी है। अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों को अपने घरों में रहने को कहा गया है। फिलहाल, बाहरी लोगों का गांव में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।

सर्व समाज का आह्वान, पुलिस बोली- हम जांच कर रहे

खेत सिंह हत्याकांड के बाद सर्व समाज ने हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। हालांकि पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश दान ने कहा, 'हम इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से अनुरोध है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।' पुलिस का कहना है कि गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

गांव में पुलिस का कड़ा पहरा, DM-SP कर रहे निगरानी

गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। पुलिस और प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारी, जिनमें जिले के कलेक्टर और एसपी भी शामिल हैं, डांगरी गांव में मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।

(रिपोर्ट- योगेश गज्जा पुरोहित)

यह भी पढ़ें-

भांजी को एग्जाम दिलवाने जा रहे मामा की बाइक को बस ने मारी टक्कर, दोनों की दर्दनाक मौत