1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भांजी को एग्जाम दिलवाने जा रहे मामा की बाइक को बस ने मारी टक्कर, दोनों की दर्दनाक मौत

भांजी को एग्जाम दिलवाने जा रहे मामा की बाइक को बस ने मारी टक्कर, दोनों की दर्दनाक मौत

 Published : Sep 04, 2025 05:27 pm IST,  Updated : Sep 04, 2025 06:00 pm IST

मुनेश कॉलेज का एग्जाम देने के लिए घर से निकली थी लेकिन एग्जाम सेंटर तक पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बाइक समेत सड़क के किनारे मुंह के बल गिरे मामा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मुनेश ने इलाज के लिए ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया।

jhunjhunu mama bhanji accident- India TV Hindi
मृतक भांजी और मामा की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र में कोलिहान नगर के पास गुरुवार सुबह स्लीपर बस और बाइक की टक्कर में मामा-भांजी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार संजू (35) पुत्र बंसीलाल निवासी रुपसराय नांगल चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी भांजी मुनेश (18) पुत्री मुलचंद निवासी देव नगर बाडलवास को गंभीर हालत में खेतड़ी राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।

बाइक के उड़ गए परखच्चे

जानकारी के अनुसार मुनेश खेतड़ी के स्वामी विवेकानंद सरकारी कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान कोलिहान नगर बस स्टैंड के पास सामने से आ रही जोधपुर से सिंघाना जा रही स्लीपर बस से उनकी बाइक भिड़ गई। बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक समेत सड़क के किनारे मुंह के बल गिरे संजू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल मुनेश को प्राथमिक उपचार के बाद नीमकाथाना रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

jhunjhunu accident
Image Source : REPORTER INPUTहादसे के बाद की तस्वीर

बस जब्त, ड्राइवर हिरासत में

हादसे की जानकारी मिलते ही थानाधिकारी कैलाश चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है और ड्राइवर को हिरासत में लिया है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में करवाया जाएगा। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने बताया कि मुनेश खेतड़ी के स्वामी विवेकानंद गवर्नमेंट कॉलेज में पेपर देने के लिए निकली थी और एग्जाम सेंटर तक पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।