केंद्र सरकार अग्निवीर योजना में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीरों के भविष्य और सेवा अवधि को लेकर अहम जानकारी दी है। उनके मुताबिक, अब सभी अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी होने के बाद 2 साल का अतिरिक्त एक्सटेंशन देने पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान वे सेना, नौसेना और वायुसेना में अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगे। इतना ही नहीं, सरकार इस दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि के दौरान अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति देने पर भी विचार कर रही है।
काफी अच्छा पाया गया अग्निवीरों का प्रदर्शन
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीर योजना को सेना और अग्निवीरों, दोनों के लिए 'विन-विन सॉल्यूशन' बताया। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत में ही यह तय किया गया था कि चार साल बाद इसका दोबारा आकलन किया जाएगा। इसी समीक्षा के दौरान अग्निवीरों का प्रदर्शन काफी अच्छा पाया गया है। विभिन्न सैन्य अभियानों में भी उनके प्रदर्शन को सकारात्मक माना गया है। इसी आधार पर उन्हें दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल देने का विचार सामने आया है।
नियमित सेना में शामिल होने का दिया जाएगा अवसर
राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, दो साल का एक्सटेंशन पूरा होने के बाद जो अग्निवीर स्थायी सेवा में शामिल होने के इच्छुक होंगे और निर्धारित पात्रता तथा ऑपरेशनल मानकों को पूरा करेंगे, उन्हें नियमित सेना में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। यानी अग्निवीरों को अपनी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर नियमित सैन्य सेवा में आने का एक और मौका मिल सकता है।
क्षमता साबित करने के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय
रक्षा सचिव ने कहा कि इससे अग्निवीरों को अपनी क्षमता साबित करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा, वहीं सेना को भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षित जवानों को अपने साथ बनाए रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे अग्निवीरों के लिए दिवाली का तोहफा भी बताया।
सीडीएस ने किया था बड़ा ऐलान
बता दें कि बुधवार को ही सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने अग्निपथ योजना में बड़े बदलाव की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि उन 'अग्निवीरों' को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा जिनका 4 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने और व्यक्तिगत सहमति देने वाले अग्निवीरों को स्थायी भर्ती की पेशकश की जाएगी।
ये भी पढ़े: