सिरोही: राजस्थान की पर्यटन नगरी आबूराज (माउंट आबू) के कुमारवाड़ा क्षेत्र स्थित एक होटल में देर रात एक लेपर्ड के घुस आने से सनसनी फैल गई। लेपर्ड ने होटल की छत पर चेन से बंधे पालतू कुत्ते पर हमला कर उसे मार डाला। इसके बाद होटल कर्मचारी के बेहद करीब पहुंच गया लेकिन उसने घबराहट नहीं दिखाई, जिससे उसकी जान बच गई। होटल कर्मचारी की सूझबूझ और धैर्य से एक बड़ा हादसा टल गया।
चेन से बंधे कुत्ते पर मारा झपट्टा
जानकारी के अनुसार घटना 29 जून की रात करीब एक बजे की है। होटल की छत पर कर्मचारी बालू सो रहा था और उसके पास एक पालतू कुत्ता चेन से बंधा हुआ था। इसी दौरान जंगल की ओर से आया लेपर्ड छत पर पहुंचा और कुत्ते पर झपट्टा मार दिया। कुछ ही पलों में उसने कुत्ते को मार डाला, लेकिन चेन से बंधा होने के कारण उसे अपने साथ नहीं ले जा सका।
कर्मचारी की आंख खुली तो सामने खड़ा था लेपर्ड
होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि कुत्ते का शिकार करने के बाद लेपर्ड कर्मचारी के बिस्तर तक पहुंच गया और कुछ सेकंड तक उसके सामने खड़ा रहा। अचानक आंख खुलने पर कर्मचारी ने सामने लेपर्ड को देखा, लेकिन घबराने के बजाय पूरी तरह शांत रहा और आंखें बंद कर ऐसे लेटा रहा मानो गहरी नींद में हो। कर्मचारी की इसी समझदारी के चलते लेपर्ड बिना हमला किए वापस जंगल की ओर लौट गया।
CCTV में कैद हुआ पूरा सीन-
नौकरी छोड़कर गांव लौटा कर्मचारी
घटना के बाद कर्मचारी इतना भयभीत हो गया कि उसने अगले दिन होटल प्रबंधन को पूरी जानकारी दी और गांव लौटने के लिए नौकरी छोड़ दी। होटल संचालक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यदि कर्मचारी घबराकर उठ जाता या कोई अचानक हरकत करता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि होटल वन क्षेत्र से सटा हुआ है, जहां समय-समय पर लेपर्ड की आवाजाही होती रहती है।
इलाके में मौजूद हैं 60 से ज्यादा लेपर्ड
वन विभाग के अनुसार माउंट आबू क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में लेपर्ड और भालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है। अनुमानित रूप से क्षेत्र में 60 से ज्यादा लेपर्ड मौजूद हैं। विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि रात के समय जंगल से सटे इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा वन्यजीव दिखाई देने पर उनके पास जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें। साथ ही होटल संचालकों को भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
(रिपोर्ट- विक्रमसिंह करणोत)
यह भी पढ़ें-
CCTV Video: IIT बॉम्बे के हॉस्टल में घुसा तेंदुआ, कुत्ते का किया शिकार, वीडियो वायरल हुआ तो कैंपस में सतर्कता बढ़ी
2 तेंदुओं के बीच वर्चस्व को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, एक की हुई मौत तो दूसरा गंभीर रूप से घायल