Janmashtami 2022: भगवान श्री कृष्ण ही ऐसे हैं जिन्हें उनके भक्त कभी स्वामी तो कभी प्रेमी तो कभी अपने बच्चे के रूप में देखते हैं। कहते हैं कि श्री कृष्ण अपने भक्तों के हर भाव को समझते हैं। इसलिए भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी का त्योहार बहुत उल्लास के साथ मनाते हैं। ऐसा लगता है कि हर घर में किसी बच्चे के जन्म की खुशियां आई हैं। 18 अगस्त 2022 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (Janmashtami 2022) है, जानिए इस त्योहार पर आपको कौन सी चीजें खरीदनी चाहिए, जो कन्हैया जी को खुश करके आपकी किस्मत का सितारा चमका सकती हैं। क्योंकि ये चीजें खरीदने से घर मे बरकत आती है और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद मिलता है।
माखनचोर का पसंदीदा माखन
जिसका नाम ही माखनचोर हो उसे माखन कितना पसंद होगा यह तो बताने की जरूरत ही क्या है। माखन ही वह चीज है जिसके कारण बाल गोपाल ने अपनी मैया से मार भी खाई। माखन चुराने के कारण उन्हें गोपियों से भी डांट खानी पड़ी। तब श्री कृष्ण के जन्मदिन पर आप कुछ और खरीदने से पहले माखन जरूर खरीदें और भगवान को उसका भोग लगाएं। इससे माखनचोर की कृपा आप पर बनी रहेगी।
Krishna Janmashtami 2022: कृष्ण जी के मुकुट पर क्यों लगाया जाता है मोर पंख, बहुत दिलचस्प है इसके पीछे की कहानी
वैजयंती माला
हिंदू धर्म में हर एक भगवान की पूजा और जप करने के लिए अलग-अलग मालाओं का उल्लेख है। जैसे भगवान शिव का जप रुद्राक्ष की माला से करने पर मनोवांछित फल मिलता है वैसे ही भगवान श्री कृष्ण की आराधना वैजयंती माला से होती है। इसलिए जन्माष्टमी के त्योहार पर के दिन वैजयंती माला जरूर खरीदनी चाहिए। वैजयंती माला में मां लक्ष्मी का वास भी बताया जाता है। इसको घर पर पूजा स्थान में रखने से पैसों की कमी नहीं होती।
बांसुरी
कन्हैया का स्मरण करते ही जैसे मोरपंख के रंग हमारे मन में उभरते हैं वहीं बांसुरी की मधुर धुन भी दिमाग में बजती हुई महसूस होती है। बिना बांसुरी के श्री कृष्ण का कोई भी चित्र पूरा नहीं होता है। इसलिए उन्हें उनके भक्त बंसीवाले, बंशीधर, बासुरी वाले, बंसी बजैया जैसे नामों से भी पुकारते हैं। इसलिए जन्माष्टमी के दिन बांसुरी जरूर खरीदनी चाहिए। छोटी सी लकड़ी या चांदी की बांसुरी भगवान को चढ़ाएं, बाद में उसे पूजा स्थल पर, अपनी तिजोरी या अलमारी में रखें।
मोरपंख
जब भी कोई भगवान श्रीकृष्ण का ध्यान करता है तो उसके मन में मोर पंख की छवि जरूर उभरती है। भगवान श्री कृष्ण को मोर पंख इतना पसंद था कि वह इसे हमेशा अपने मुकुट पर सजाते थे। वहीं वास्तु शास्त्र में भी मोरपंख को सकारात्मक ऊर्जा लाने वाला बताया गया है। जन्माष्टमी के दिन मोरपंख घर में जरूर लाएं क्योंकि इससे गृहक्लेश नहीं होते और कालसर्प दोष से भी मुक्ति मिलती है।
Janmashtami 2022: इन राशियों के लिए वरदान साबित होगा जन्माष्टमी का व्रत, इस योग में पूजा करने से फूटी किस्मत भी संवर जाएगी
बछड़े के साथ गाय
भगवान श्रीकृष्ण के भक्त यह जानते हैं कि उनको गायों से बहुत स्नेह है। उनके बाल काल में वह गाय चराने जाते थे वहीं बैठकर बंसी बजाते थे। साथ ही गाय के दूध से बना माखन भी भगवान श्री कृष्ण को बहुत ज्यादा पसंद है। इसके साथ ही ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, गायों में बृहस्पति ग्रह का वास होता है। इसलिए जन्माष्टमी के त्योहार पर आपको गाय और बछड़े की छोटी सी प्रतिमा जरूर खरीदनी चाहिए। इसे अपने घर या ऑफिस में ईशान कोण (उत्तर-पूर्व) में रखना चाहिए। इससे वास्तु दोष दूर होते हैं साथ ही भाग्य में वृद्धि होती है और संतान प्राप्ति होती है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)