Kharmas 2023: इस दिन से शुरू हो रहा है खरमास, जानिए कब तक नहीं होंगे मांगलिक कार्यक्रम
Kharmas 2023 Date: हिंदू धर्म में खरमास को अशुभ माना जाता है। इस दौरान शादी-विवाह से लेकर सभी मांगलिक कामों पर रोक लग जाती है। तो आइए जानते है खरमास कब से शुरू होने वाला है।
Kharmas 2023 Start Date: 15 मार्च को सुबह 6 बजकर 34 मिनट पर सूर्यदेव मीन राशि में प्रवेश कर रहे हैं। 14 अप्रैल की दोपहर 2 बजकर 59 मिनट तक सूर्य, मीन राशि में ही गोचर करते रहेंगे, उसके बाद मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे। ज्योतिष शास्त्र में सूर्य देव को सभी ग्रहों का राजा बताया गया है। इस तरह सूर्य द्वारा किए गए राशि परिवर्तन को बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। मालूम हो कि जब सूर्य मीन या धनु राशि में गोचर करते हैं तो इस राशिपरिवर्तन के कारण खरमास शुरू हो जाता है। यानी कि सूर्य के मीन राशि में गोचर करते ही खरमास शुरू हो जाएग। 15 मार्च से शुरू हुआ खरमास 14 अप्रैल तक रहेगा।
खरमास में इन कामों की है मनाही
प्रत्येक वर्ष सूर्य के धनु और मीन राशि में जाने पर खरमास लगता है और यह पूरे एक महीने तक होता है। ज्योतिष शास्त्र में खरमास को अच्छा नहीं माना जाता। इस दौरान कोई भी शुभ कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार, नई वधू का गृह प्रवेश, सगाई, नया बिजनेस शुरू करना आदि कामों की मनाही होती है। हालांकि खरमास के दौरान भगवान सूर्य देव की उपासना करना विशेष फलदायी माना जाता है।
इस दिन खत्म होगा खरमास
15 मार्च को लगने वाला खरमास पूरे एक महीने बाद ही खत्म होगा। खरमास 14 अप्रैल 2023 की दोपहर 2 बजकर 59 मिनट तक रहेगा। खरमास के खत्म होते ही फिर से सभी मांगलिक कार्यक्रम जैसे- शादी-विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश आदि शुरू हो जाएंगे। यानी कि अब 14 अप्रैल के बाद ही घरों में दोबारा शहनाई बजनी शुरू होगी।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। । इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें-
Sheetala Ashtami 2023: 14 या 15 मार्च कब है शीतला अष्टमी व्रत? जानिए सही डेट, मुहूर्त और महत्व
Vastu Tips: इस दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से होता है भारी नुकसान, जानिए क्या है सही दिशा
