Pradosh Vrat 2025 Upay: प्रदोष व्रत के दिन करें ये आसान उपाय, भगवान शिव समस्त परेशानी से दिलाएंगे छुटकारा
Pradosh Vrat 2025: शुक्रवार को प्रदोष व्रत रखा जाएगा। यह दिन भगवान शिव की पूजा के लिए समर्पित है। इसके साथ ही प्रदोष व्रत के दिन इन खास उपायों को करने से व्यक्ति को समस्त परेशानियों से छुटकारा मिल जाता है।

Pradosh Vrat Upay: 9 मई को प्रदोष व्रत रखा जाएगा। इस दिन व्रत करने और भगवान शिव जी की पूजा करने से भक्तों की सभी इच्छा पूरी होती है। साथ ही व्यक्ति को समस्त समस्याओं से छुटकारा मिलता है। बता दें कि प्रत्येक महीने के कृष्ण और शुक्ल दोनों पक्षों की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत किया जाता है। त्रयोदशी तिथि में रात्रि के प्रथम प्रहर, यानि सूर्योदय के बाद जो व्यक्ति किसी भेंट के साथ शिव प्रतिमा के दर्शन करता है- भगवान शिव की कृपा उसपर सदैव बनी रहती है। अतः आज के दिन रात के पहले प्रहर में शिवजी को कुछ न कुछ भेंट अवश्य करना चाहिए। साथ ही प्रदोष व्रत के दिन शिव जी के निमित्त कुछ विशेष उपाय करने से कौन-से शुभ फलों की प्राप्ति होगी जानिए आचार्य इंदु प्रकाश से।
प्रदोष व्रत के दिन करें ये आसान उपाय
- अगर आप अपने शत्रुओं से परेशान हैं और उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं तो प्रदोष व्रत के दिन शमी पत्र को साफ पानी से धोकर शिवलिंग पर अर्पित करें और 'ऊँ नमः शिवाय' मंत्र का 11 बार जप करें।
- अगर आप किसी मुकदमे में फंसे हैं और उसके चलते आपकी परेशानियां घटने के बजाय बढ़ती जा रही हैं, तो प्रदोष व्रत के दिन धतूरे के पत्ते को पहले साफ पानी से धो लें, फिर उन्हें दूध से धोकर शिवलिंग पर अर्पित करें।
- अपनी अच्छी सेहत को बरकरार रखने के लिए प्रदोष व्रत के दिन शिव मंदिर में जाकर भगवान को सूखा नारियल अर्पित करें और साथ ही अपने अच्छे स्वास्थ्य के लिए शिवजी से प्रार्थना करें। अगर नारियल अर्पित करने के लिए आप प्रदोष काल में यानि शाम के समय शिव मंदिर जायें, तो और भी श्रेष्ठ होगा।
- अपने दांपत्य जीवन में मिठास घोलने के लिए प्रदोष व्रत के दिन शिवजी को दही में शहद मिलाकर, उसका भोग लगाएं। प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव को दही और शहद का भोग लगाने से आपके दांपत्य जीवन में मिठास बढ़ेगी।
- अपनी धन-संपत्ति में वृद्धि के लिए प्रदोष व्रत के दिन सवा किलो साबुत चावल और कुछ मात्रा में दूध लेकर शिव मंदिर में दान करें। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपकी और आपके परिवार की धन-सम्पत्ति में वृद्धि होगी।
- अपने दांपत्य जीवन में आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए प्रदोष व्रत के दिन शिव मंदिर में जाकर, शिवजी और माता पार्वती पर एक साथ मौली यानि कलावे को सात बार लपेट दें और ध्यान रहे कि सात बार धागा लपेटते हुए उसे बीच में तोड़ना नहीं है, जब पूरा सात बार लपेट दें, तभी हाथ से धागे को तोड़ें। एक बात और कि धागा तोड़ने के बाद उसमें गांठ न लगाएं, उसे ऐसे ही वहां लपेटकर छोड़ दें।
- अपने बच्चों के साथ अपने रिश्ते बेहतर करने के लिए प्रदोष व्रत के दिन एक कटोरी में थोड़ा शहद लें और उसमें से उंगली की मदद से शहद निकालकर शिवजी को भोग लगाएं। भोग लगाने के बाद उस कटोरी में बचे हुए शहद में से प्रसाद अपने हाथों से बच्चों को खिला दें।
- अपने किसी विशेष कार्य की सफलता के लिए प्रदोष व्रत के दिन दूध में थोड़ा-सा केसर मिलाकर शिवलिंग पर चढ़ाएं और दूध चढ़ाते समय मन ही मन 'ऊँ नमः शिवाय' मंत्र का जप करें।
- अगर आपको बिजनेस इंवेस्टमेंट करने में किसी प्रकार की परेशानी आ रही है तो प्रदोष व्रत के दिन भगवान शंकर को 11 बेलपत्र अर्पित करें। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से बिजनेस इंवेस्टमेंट संबंधी आपकी सारी परेशानियों का हल जल्दी ही निकलेगा।
- अगर आपको लंबे समय से अच्छी नौकरी नहीं मिल पा रही है या आपका प्रमोशन किसी कारण से अटका हुआ है, तो प्रदोष व्रत के दिन एक कच्चे मिट्टी के घड़े में गेहूं भरकर, उस पर ढक्कन लगाकर, घड़े को किसी सुपात्र ब्राह्मण को दान कर दें और अपनी बेहतरी के लिए उनके पैर छूकर आशीर्वाद लें।
- अगर लाख कोशिशों के बाद भी आपकी आर्थिक स्थिति डामाडोल बनी हुई है और आपको धन लाभ नहीं हो पा रहा है, तो प्रदोष व्रत पीले रंग के रेशमी कपड़े में सात हल्दी की गांठें बांधकर केले के पेड़ के नीचे रख आएं।
- अपने करियर की बेहतरी के लिए या अपने बिजनेस को एक नये मुकाम तक पहुंचाने के लिए प्रदोष व्रत एक पीपल का पत्ता लेकर, उस पर हल्दी से स्वास्तिक का चिन्ह बनाएं और भगवान के चरणों में 'ऊँ नमो भगवते नारायणाय' कहते हुए अर्पित कर दें। साथ ही किसी पीले रंग की मिठाई का भोग लगाएं। अगर मिठाई का भोग नहीं लगा सकते तो केले का फल चढ़ा दें।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7:30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें-
8 मई को चंद्रमा ने किया कन्या में गोचर, इन 3 राशियों के लिए बनी है लाभदायक स्थिति
किसने लगाया था सबसे पहले सिंदूर, कैसे शुरू हुई परंपरा? इन धार्मिक शास्त्रों में है इसका जवाब