नई दिल्ली: ऋषभ पंत को पिछले साल जब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की ए टीम में जगह नहीं मिली थी तो उन्हें काफी चोट पहुंची थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल होने से वह बेहतर महसूस कर रहे होंगे। पंत का सिलेक्शन अजिंक्य रहाणे के लिए आंखे खोलने वाला है। दिल्ली का बाएं हाथ का यह बल्लेबाज गेंद को लंबा हिट कर सकता है और स्ट्राइक रोटेट करने में माहिर है जिसमें रहाणे को मुुश्किल आती है।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंत ने मौजूदा रणजी सीजन में दिल्ली की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9 मैचों में 107.28 की औसत से 972 रन जुटाए और इस दौरान उन्होंने तिहरा शतक और भारतीय क्रिकेट में फर्स्ट क्लास का सबसे तेज अर्धशतक भी जड़ा। टी20 टीम में पंत का चयन इस बात का संकेत है कि उन्हें छोटे फॉर्मैट्स में गंभीरता से महेंद्र सिंह धोनी के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है जबकि टेस्ट मैचों में रिद्धिमान साहा भारत की पहली पसंद हैं।
इन्हें भी पढ़ें:
आईपीएल 9 की नीलामी में एक करोड़ 90 लाख रुपये के साथ रातों-रात सुर्खियां बटोरने वाले पंत ने रणजी प्रैक्टिस के दौरान कहा, ‘मुझे लगता है कि मैं रोज सीख रहा हूं। मैंने अपना करियर अभी शुरू किया है और मैं बेहतर होना चाहता हूं। मैं जितना ज्यादा खेलूंगा उतना बेहतर बनूंगा। आईपीएल से निश्चित तौर पर मदद मिली क्योंकि मुझे स्तरीय गेंदबाजों का सामना करने का मौका मिला। क्रिस मौरिस जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से बात करके अपने खेल में सुधार करने में मदद मिली।’
पंत के लिए सोनेट क्लब के उनके कोच तारक सिन्हा उनके मेंटर हैं। पंत ने कहा, ‘तारक सर पिता की तरह नहीं है। वह मेरे पिता हैं। मेरे लिए सोनेट क्लब सब कुछ है।’ उन्होंने पिछले साल रणजी ट्राफी में वानखेड़े स्टेडियम में महाराष्ट्र के खिलाफ सचिन तेंदुलकर के ऑटोग्राफ वाले बैट से तिहरा शतक बनाया था। यदि पंत कुछ बड़ी पारियां खेलते हैं तो वह वनडे में भी रहाणे पर दबाव बना सकते हैं। साथ ही बल्ले से पंत की क्षमता कप्तान विराट कोहली को अतिरिक्त गेंदबाज के साथ उतरने का विकल्प देगी।
Latest Cricket News