जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I सीरीज में भारतीय महिला टीम का दबदबा सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खिलाड़ियों को ICC रैंकिंग में भी इसका फायदा मिला है। गेंदबाजों की ताजा T20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ ने लंबी छलांग लगाई है। वहीं, श्रीचरणी और दीप्ति शर्मा ने शीर्ष दो स्थानों पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी खिलाड़ी मेगन शट और एलिस पेरी को ODI रैंकिंग में फायदा हुआ है। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू T20 सीरीज में शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। रायपुर में खेले गए इन मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसका असर अब ICC की ताजा रैंकिंग में दिखाई दे रहा है।
नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ की रैंकिंग में सुधार
जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में नंदनी शर्मा ने गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वह सीरीज में अब तक तीन विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों में शामिल हैं। इस प्रदर्शन के दम पर नंदनी ने T20 इंटरनेशनल गेंदबाजों की रैंकिंग में 26 स्थान की छलांग लगाई है और अब 45वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
उनकी साथी क्रांति गौड़ को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। क्रांति 9 स्थान ऊपर चढ़कर 43वें नंबर पर पहुंच गई हैं। भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि श्रीचरणी और दीप्ति शर्मा ने अपनी शानदार स्थिति बनाए रखी है। श्रीचरणी T20 इंटरनेशनल गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले और दीप्ति शर्मा दूसरे स्थान पर कायम हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ किफायती गेंदबाजी ने इन दोनों की शीर्ष रैंकिंग को बरकरार रखने में मदद की।
मेगन शट और एलिस पेरी को ODI रैंकिंग में फायदा
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच ट्रांस-तस्मान T20 सीरीज के पहले मुकाबले के बाद भी गेंदबाजों की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड एक स्थान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी T20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बनी हुई हैं।
ODI रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी खिलाड़ियों ने भी प्रगति की है। बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज पूरी होने के बाद तेज गेंदबाज मेगन शट एक स्थान ऊपर चढ़कर गेंदबाजों की सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, एलिस पेरी को बल्लेबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग दोनों में फायदा हुआ है। वह ODI बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, ऑलराउंडरों की रैंकिंग में 14 स्थान की छलांग लगाते हुए 25वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
यह भी पढ़ें:
शेफाली वर्मा पर ICC का एक्शन, जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में कैच छूटने पर आपा खोने की मिली सजा
रणजी ट्रॉफी में दिखेगा ऑस्ट्रेलियाई अंपायर का जलवा, भारतीय अंपायर पराशर जोशी जाएंगे ऑस्ट्रेलिया
Latest Cricket News