एशियन गेम्स में बल्ले से शानदार प्रदर्शन का इनाम भारतीय बल्लेबाज शैफाली वर्मा को ICC महिला T20I रैंकिंग में मिला है। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक जड़ने वाली शैफाली ने ताजा रैंकिंग में दो पायदान की छलांग लगाकर बल्लेबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। बता दें, एशियन गेम्स 2026 में भारत ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता।
शैफाली को मिला शानदार प्रदर्शन का इनाम
शैफाली ने एशियन गेम्स में बांग्लादेश के खिलाफ निसिन में खेले गए सेमीफाइनल में नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। यह उनके T20I करियर का पहला शतक था। इससे पहले उन्होंने जापान के खिलाफ भारत की जीत में नाबाद 40 रन बनाए थे। इन पारियों की बदौलत शैफाली अब ICC महिला T20I बल्लेबाजी रैंकिंग में चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं। हालांकि, भारत की स्मृति मंधाना और हेली मैथ्यूज को एक-एक पायदान का नुकसान हुआ है। हेली 5वें स्थान पर खिसक गई हैं। वहीं, मंधाना छठे स्थान पर खिसक गई हैं। टॉप-10 T20I बल्लेबाजों में भारत की 3 खिलाड़ी शामिल हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वह 10वें स्थान पर बरकरार हैं।
श्री चरणी की बादशाहत बरकरार
T20I महिला गेंदबाजों की ICC रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार है। ताजा ICC महिला T20I बॉलिंग रैंकिंग में श्री चरणी 799 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर बनी हुई हैं। वहीं दीप्ति शर्मा 70 रेटिंग पॉइंट पीछे दूसरे स्थान पर हैं। टॉप-10 गेंदबाजों में भारत की यही 2 गेंदबाज शामिल हैं। तीसरे से छठे पायदान तक इंगलैंड के गेंदबाजों का जलवा बरकरार है। सोफी एक्लेस्टोन तीसरे, चार्ली डीन चौथे, लॉरेन बेल 5वें जबकि लिंडसे स्मिथ छठे स्थान पर बनी हुई हैं। नॉनकुलुलेको मलाबा को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह 7वें स्थान पर खिसक गई हैं।
भारत की क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा को भी एशियन गेम्स के प्रदर्शन का फायदा मिला है। क्रांति 15 पायदान ऊपर चढ़कर 57वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि नंदनी ने 22 स्थान की छलांग लगाकर 72वां स्थान हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने इस दौरान अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी हासिल की। क्रांति के 461 और नंदनी के 432 रेटिंग पॉइंट हैं।
यह भी पढ़ें:
टीम इंडिया फिर से नंबर वन, अंग्रेजों को पछाड़कर आईसीसी रैंकिंग में किया टॉप