1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जो रूट का बड़ा कारनामा, तीसरे टेस्ट में उतरते ही स्टीव वॉ को पछाड़l, अब सिर्फ सचिन और एंडरसन आगे

जो रूट का बड़ा कारनामा, तीसरे टेस्ट में उतरते ही स्टीव वॉ को पछाड़l, अब सिर्फ सचिन और एंडरसन आगे

जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट में उतरते ही कमाल कर दिया है। रूट तीसरे सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

Joe Root- India TV Hindi
Image Source : AFP जो रूट

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में मैदान पर उतरते ही रूट ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्टीव वॉ को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में उतरते ही रूट ने अपने टेस्ट मैचों की संख्या 169 कर ली। उन्होंने स्टीव वॉ के 168 टेस्ट मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। रूट अब इस सूची में सिर्फ भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन से पीछे हैं।

जो रूट लिस्ट में इकलौते एक्टिव प्लेयर

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 1989 से 2013 के बीच भारत के लिए कुल 200 टेस्ट मैच खेले। उनके बाद एंडरसन का नंबर आता है, जिन्होंने 188 टेस्ट मुकाबलों में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया। एंडरसन ने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग भी 168 मैचों के साथ स्टीव वॉ के बराबर हैं। खास बात यह है कि टॉप-10 में जो रूट इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अभी भी टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। हाल ही में जो रूट ने एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी

  • 200 - सचिन तेंदुलकर
  • 188 - जेम्स एंडरसन
  • 169* - जो रूट
  • 168 - स्टीव वॉ
  • 168 - रिकी पोंटिंग
  • 167 - स्टुअर्ट ब्रॉड 
  • 166  जैक कैलिस 
  • 164 - शिवनारायण चंद्रपॉल 
  • 164- राहुल द्रविड़
  • 161 - एलिस्टर कुक

इंग्लैंड का एजबेस्टन में खराब रिकॉर्ड 

पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी पिछली दोनों टेस्ट मैचों वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया। 2010 के बाद यह पहली बार है जब इंग्लैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में लगातार तीनों मुकाबलों में एक ही प्लेइंग इलेवन उतारी है। हालांकि, एजबेस्टन में इंग्लैंड का हालिया रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है। टीम ने इस मैदान पर अपने पिछले 6 टेस्ट में से चार गंवाए हैं। वहीं पाकिस्तान को एजबेस्टन में अब तक जीत नहीं मिली है। पाकिस्तान ने यहां आठ टेस्ट खेले हैं, जिनमें उसे पांच में हार मिली जबकि तीन मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

पाकिस्तान की प्लेइंग XI: अजान अवैस, सईम अयूब, अब्दुल्लाह शफीक, शान मसूद, बाबर आजम (कप्तान), सऊद शकील, गाजी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद इमरान रंधावा, रजाउल्लाह, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली।

इंग्लैंड की प्लेइंग XI: बेन डकेट, एमिलियो गे, जॉर्डन कॉक्स, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, डैन लॉरेंस, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), गस एटकिंसन, ओली रॉबिन्सन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।

यह भी पढ़ें:

आईसीसी रैंकिंग में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने मचाया गदर, 65 और 61 स्थानों की छलांग लगाई, ईशान किशन टॉप पर बरकरार

एशियन गेम्स 2026 में अलग से होटल नहीं लेगी टीम इंडिया, BCCI ने प्लेयर्स के ठहरने की व्यवस्था पर दिया अपडेट

Latest Cricket News