1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मिचेल स्टार्क ने रचा इतिहास, 450 टेस्ट विकेट लेने वाले दुनिया के पहले बाएं हाथ के गेंदबाज बने

मिचेल स्टार्क ने रचा इतिहास, 450 टेस्ट विकेट लेने वाले दुनिया के पहले बाएं हाथ के गेंदबाज बने

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने मैथ्यू ब्रीट्जके को 4 रन पर आउट करके अपना विकेटों का खाता खोला था। इसके बाद उन्होंने वियान मुल्डर को आउट करके टेस्ट क्रिकेट में अपने 450 विकेट पूरे कर लिए।

Mitchell Starc- India TV Hindi
Image Source : AP मिचेल स्टार्क

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच गकेरबाह में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने नया इतिहास रच दिया है। वह अब टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले बाएं हाथ के गेंदबाज बने हैं। इस मैच की पहली पारी में मिचेल स्टार्क ने मैथ्यू ब्रीट्जके को 4 रन के निजी स्कोर पर आउट कर अपना खाता खोला। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने वियान मुल्डर को पवेलियन भेजकर टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट पूरे कर लिए। वह टेस्ट में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 450 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट लेने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हैं स्टार्क

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट का मुकाम हासिल करने वाले ऑस्ट्रेलिया के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले शेन वॉर्न, ग्लेन मैक्ग्रा और नाथन लायन यह रिकॉर्ड बना चुके हैं। स्टार्क ने सबसे कम यानी 20,577 गेंदें खेलकर दुनिया में सबसे तेज 450 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मामले में उन्होंने अपने ही देश के दिग्गज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 450 विकेट तक पहुंचने के लिए 23,474 गेंदें फेंकी थीं। मिचेल स्टार्क ने 450 टेस्ट विकेट की उपलब्धि 109 मैचों में हासिल की।

ग्लेन मैक्ग्रा के बाद दूसरे नंबर पर है स्टार्क का नाम

मिचेल स्टार्क मैचों के हिसाब से 450 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे सबसे तेज गेंदबाज बने हैं। इस मामले में पहले नंबर पर ग्लेन मैक्ग्रा का नाम है। उन्होंने 100 मैचों में 450 टेस्ट विकेट पूरे किए थे। इसके बाद स्टार्क का नाम इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है, जिन्होंने 109 मैचों में 450 विकेट हासिल किए हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम मैचों में 450 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है। उन्होंने अपने करियर के 80वें टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी।

19 बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं स्टार्क

मिचेल स्टार्क ने टेस्ट करियर में अब तक 19 बार पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट, 21 बार 4 विकेट और 4 बार पूरे मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया है। उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 58 रन देकर 7 विकेट लेने का रहा है, जो उन्होंने पिछले साल एशेज सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ किया था। गेंद के साथ-साथ स्टार्क ने बल्ले से भी अहम योगदान दिया है। उन्होंने 20.03 की औसत से 2504 रन बनाए हैं। 36 साल के इस खिलाड़ी ने इस फॉर्मेट में 13 अर्धशतक जड़े हैं।

टेस्ट में मैचों के हिसाब से सबसे तेज 450 विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) – 80 टेस्ट
  • रविचंद्रन अश्विन (भारत) – 89 टेस्ट
  • अनिल कुंबले (भारत) – 93 टेस्ट
  • ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया) – 100 टेस्ट
  • शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया) – 101 टेस्ट
  • मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) – 109 टेस्ट

यह भी पढ़ें

शेफाली वर्मा पर ICC का एक्शन, जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में कैच छूटने पर आपा खोने की मिली सजा

तमिलनाडु के स्पिनर की रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक, 10 विकेट लेकर टीम को दिलाई बड़ी जीत

Latest Cricket News