1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से रह सकते हैं बाहर, कप्तान ने खुद दिया बड़ा संकेत

पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से रह सकते हैं बाहर, कप्तान ने खुद दिया बड़ा संकेत

ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और ODI कप्तान पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ सितंबर में होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज से बाहर रह सकते हैं।

Pat Cummins- India TV Hindi
Image Source : AFP पैट कमिंस

ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट और ODI टीम की कप्तानी संभाल रहे पैट कमिंस ने अपने अगले व्हाईट बॉल अभियान को लेकर ऐसा संकेत दिया है, जिससे जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज में उनकी मौजूदगी पर सवाल खड़े हो गए हैं। कमिंस का पूरा फोकस साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज पर है और इसी वजह से वह जिम्बाब्वे दौरे के कुछ या सभी मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं।

ऑस्ट्रेलिया को सितंबर में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन ODI मैच खेलने हैं। ये मुकाबले 15, 18 और 20 सितंबर को होंगे। इसके बाद टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, जहां ODI सीरीज के बाद टेस्ट मुकाबले खेले जाएंगे। कमिंस ने संकेत दिया कि वह इन 6 ODI मैचों में से अधिकतम दो या तीन मुकाबले ही खेल सकते हैं।

कमिंस की टेस्ट सीरीज पर टिकी निगाहें

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की दो दिन में जीत के बाद कमिंस ने कहा कि उनका ध्यान टेस्ट सीरीज की तैयारी पर रहेगा। उन्होंने बताया कि टीम के तेज गेंदबाजों को कुछ समय गेंदबाजी से ब्रेक दिया जा सकता है, जबकि फिटनेस और जिम का काम जारी रहेगा। अगर वह जिम्बाब्वे के खिलाफ नहीं खेलते हैं तो उन्हें तैयारी के लिए एक अतिरिक्त सप्ताह भी मिल सकता है।

कमिंस लंबे समय से ODI क्रिकेट में ज्यादा सक्रिय नहीं रहे हैं। 2023 ODI वर्ल्ड कप में भारत को अहमदाबाद में हराकर ऑस्ट्रेलिया को चैंपियन बनाने के बाद से उन्होंने इस फॉर्मेट में सिर्फ दो मुकाबले खेले हैं। इस दौरान स्टीव स्मिथ, मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ऑस्ट्रेलियाई ODI टीम की कप्तानी कर चुके हैं। हालांकि, कमिंस अभी भी आधिकारिक तौर पर टीम के ODI कप्तान हैं।

स्टार्क और हेजलवुड के खेलने की उम्मीद

साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में कमिंस के साथ मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के भी खेलने की उम्मीद है। स्टार्क और हेजलवुड ने भी संकेत दिया है कि वे टेस्ट सीरीज से पहले कुछ ODI मुकाबले खेल सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह तैयारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 2027 ODI वर्ल्ड कप के ज्यादातर मुकाबले साउथ अफ्रीका में खेले जाएंगे, जबकि कुछ मैच जिम्बाब्वे और नामीबिया में होंगे।

कमिंस ने बताया कि बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज बिना किसी बड़ी परेशानी के निकल गए। हालांकि, डार्विन टेस्ट के दौरान उनके पैर के अंगूठे में कभी-कभार दर्द जरूर था। इसके बावजूद उन्होंने और बाकी गेंदबाजों ने दोनों टेस्ट में लगातार गेंदबाजी की। बांग्लादेश को मैके में 64 और 95 रन पर समेटने के कारण गेंदबाजों पर ज्यादा बोझ भी नहीं पड़ा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज 30 सितंबर को पॉचेफस्ट्रूम में खत्म होगी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया 3 और 4 अक्टूबर को उसी मैदान पर दो दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगा और फिर डरबन में टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए रवाना होगा। यह दौरा ऑस्ट्रेलिया के लिए खास भी होगा, क्योंकि 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद यह उसकी साउथ अफ्रीका में पहली टेस्ट सीरीज होगी। ऑस्ट्रेलिया ने 2020 और 2023 में वहां व्हाईट बॉल की सीरीज जरूर खेली थीं, लेकिन टेस्ट दौरा नहीं हो पाया। 2021 में कोरोना महामारी के कारण प्रस्तावित टेस्ट सीरीज रद्द कर दी गई थी। पिछले साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को लॉर्ड्स में मात दी थी।

यह भी पढ़ें:

भारतीय हॉकी टीम को मिली नीदरलैंड के खिलाफ 3-1 से मात, सेमीफाइनल में पहुंचना हुआ अब काफी मुश्किल

हथकड़ी में नजर आए इंग्लिश गेंदबाज ब्रायडन कार्स, इंग्लैंड क्रिकेट में मचा हड़कंप, ECB ने शुरू की जांच

Latest Cricket News