1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया ने दो दिन में जीता मुकाबला, दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश को पारी और 51 रनों से हराया

ऑस्ट्रेलिया ने दो दिन में जीता मुकाबला, दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश को पारी और 51 रनों से हराया

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 23, 2026 06:30 am IST,  Updated : Aug 23, 2026 10:46 am IST

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच मैके में खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश की टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। पहला मैच हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में जबरदस्त वापसी की।

Australia vs Bangladesh- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश Image Source : AFP

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच मैके के ग्रेट बैरियर रीफ में खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने दो दिनों में ही बांग्लादेश को हराकर सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खत्म किया। दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान टीम ने बांग्लादेश को पारी और 51 रनों के अंतर से हराया। इस मैच में आज दूसरे दिन का खेल खेला गया। दूसरा दिन पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। इस मैच में पहले दिन जहां 18 विकेट गिरे थे। वहीं दूसरे दिन कुल 12 विकेट गिरे। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की जीत के हीरो मिचेल स्टार्क रहे। उन्होंने पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 4 विकेट लेकर कुल 10 विकेट निकालने में कामयाब रहे।

टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बांग्लादेश को बल्लेबाजी के लिए कहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम पहली पारी में सिर्फ 64 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने भी 8 विकेट के नुकसान पर 165 रन बना लिए थे।

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में बनाए 210 रन

दूसरे दिन के खेल के पहले सेशन में बांग्लादेश के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को जल्दी ही ऑलआउट कर दिया। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम 210 रन बनाने में कामयाब रही और उन्हें 146 रनों की बढ़त मिली। बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पहली पारी में कुल 7 विकेट अपने नाम किए। इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम भी लंच ब्रेक तक 39 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। उनकी टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 107 रन पीछे है।

दूसरे दिन का दूसरा सेशन भी ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में रहा। इस सेशन में बांग्लादेश की टीम ने पांच विकेट गंवाए। इस सेशन में उनके बल्लेबाज सिर्फ 55 रन ही जोड़ सके। ऑस्ट्रेलिया को यहां से जीत के लिए सिर्फ दो विकेट की जरूरत है और बांग्लादेशी टीम अभी भी 51 रन पीछे है। दूसरी पारी में तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क 4 विकेट लेकर इस मैच में 10 विकेट हॉल पूरा करने में कामयाब रहे। तीसरे सेशन के पहले ही ओवर में नाथन लियोन ने दो विकेट लेकर बांग्लादेश को 95 रन पर ऑलआउट कर दिया। दोनों पारियों को मिलाकर बांग्लादेशी टीम इस मैच में 159 रन ही बना सकी।

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश दूसरे टेस्ट मैच की प्लेइंग XI

ऑस्ट्रेलिया: हेड, मैट रेनशॉ, मार्नस लाबुशेन,स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड

बांग्लादेश: शादमान इस्लाम, तंजीद हसन तमीम, मोमिनुल हक, नजमुल हसन शान्तो (कप्तान), मुशफिकुर रहीम, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, हसन महमूद, तैजुल इस्लाम, तस्किन अहमद, शोरिफुल इस्लामने 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल