1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हथकड़ी में नजर आए इंग्लिश गेंदबाज ब्रायडन कार्स, इंग्लैंड क्रिकेट में मचा हड़कंप, ECB ने शुरू की जांच

हथकड़ी में नजर आए इंग्लिश गेंदबाज ब्रायडन कार्स, इंग्लैंड क्रिकेट में मचा हड़कंप, ECB ने शुरू की जांच

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 24, 2026 06:55 am IST,  Updated : Aug 24, 2026 06:55 am IST

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स मुश्किलों में घिर गए हैं। डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर उन्हें पुलिस की हथकड़ी में ले जाते हुए एक वीडियो सामने आया है, जिसके बाद ECB ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Brydon Carse- India TV Hindi
ब्रायडन कार्स Image Source : AFP

इंग्लैंड क्रिकेट टीम की मुश्किलें मैदान के बाहर भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पुलिस की हथकड़ी में नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में कार्स को डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर पुलिस अधिकारियों के बीच ले जाते हुए देखा गया।

कार्स पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं, लेकिन पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने के बाद उन्हें डरहम के लिए काउंटी चैंपियनशिप मुकाबला खेलने की अनुमति दी गई थी। डरहम ने डर्बीशायर को तीन दिन के भीतर हराया। कार्स ने मैच में 26 रन बनाए और गेंदबाजी में कुल दो विकेट लिए। मुकाबला खत्म होने के बाद वह टीम के साथियों के साथ जश्न मनाने पहुंचे थे, तभी यह घटना हुई।

वीडियो हो रहा वायरल

सोशल मीडिया पर सामने आए एक छोटे वीडियो में कार्स के हाथ पीछे की ओर हथकड़ी में बंधे दिखाई दे रहे हैं। वह अपने डरहम टीममेट मैथ्यू पॉट्स से बात करते नजर आते हैं। इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भी वीडियो के पीछे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, घटना की वजह और पुलिस ने कार्स को किस परिस्थिति में हिरासत में लिया, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

ECB ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि हमें डर्बी में पिछली रात हुई एक घटना की जानकारी है और हम फिलहाल इसकी जांच कर रहे हैं। जब संभव होगा, हम आगे की जानकारी देंगे। डर्बीशायर पुलिस से भी इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी गई है, जबकि डरहम ने टिप्पणी करने से इनकार किया है।

टेस्ट टीम में वापसी की राह देख रहे कार्स

कार्स के लिए यह घटनाक्रम ऐसे समय आया है जब वह लंबे समय बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम में वापसी की तैयारी कर रहे थे। पिछले एशेज में वह इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे, लेकिन इस समर में अब तक कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेल पाए हैं। कलाई और कोहनी की चोट के कारण वह न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर रहे थे। इसके बाद भारत के खिलाफ ODI सीरीज के लिए उन्हें देर से टीम में शामिल किया गया और द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स के लिए फिटनेस साबित करने के बाद पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट टीम में जगह मिली।

कार्स को सोमवार को लंदन में टेस्ट टीम से दोबारा जुड़ना था और लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट से पहले दो दिन अभ्यास करना था। हालांकि, अब उनकी टीम में वापसी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह है कि घटना के वक्त कार्स इंटरनेशनल ड्यूटी पर नहीं थे, लेकिन वह ECB के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ी हैं। ऐसे में यह मामला बोर्ड के लिए खासा असहज करने वाला बन गया है।

यह भी पढ़ें:

यशस्वी जायसवाल को कोलंबो टेस्ट में गुस्सा दिखाने का हो सकता नुकसान, कर सकते हैं ICC की कार्रवाई का सामना

कोलंबो टेस्ट में ऋषभ पंत आगे बल्लेबाजी करेंगे या नहीं? टीम इंडिया के बैटिंग कोच के बयान से पूरी स्थिति हुई साफ

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल