ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन में खेले जा रहे टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाड़ी जो रूट को पीछे छोड़ते हुए यह बड़ा इतिहास रचा है। रविवार को मैच के दौरान साउथ अफ्रीका की पहली पारी में डेविड बेडिंगहाम का कैच लेते ही स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले दुनिया के नंबर-1 फील्डर बन गए हैं।
नंबर 1 पर पहुंचे स्टीव स्मिथ
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने के मामले में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट को पछाड़कर नंबर-1 पर पहुंच गए हैं। इस शानदार रिकॉर्ड लिस्ट में 221 कैचों के साथ स्टीव स्मिथ पहले स्थान पर हैं, जबकि 220 कैचों के साथ जो रूट दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। इनके बाद इस लिस्ट में भारत के दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ 210 कैचों के साथ तीसरे, श्रीलंका के महेला जयवर्धने 205 कैचों के साथ चौथे और साउथ अफ्रीका के दिग्गज जैक कैलिस 200 कैचों के साथ पांचवें पायदान पर मौजूद हैं।
डेविड बेडिंगहम का कैच पकड़कर स्मिथ ने रचा इतिहास
साउथ अफ्रीका की पहली पारी के 28वें ओवर में नाथन लियोन की गेंद पर स्टीव स्मिथ ने कप्तान टेम्बा बावुमा का कैच पकड़ा। इसके ठीक बाद 31वें ओवर की पहली गेंद पर स्मिथ ने एक और बेहतरीन कैच लपककर डेविड बेडिंगहम को आउट किया, जो सिर्फ 1 रन से अपने अर्धशतक से चूक गए थे। इस टेस्ट मैच की पहली पारी में स्टीव स्मिथ बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। उन्होंने 53 बॉल पर 25 रन की पारी खेली। लेकिन फील्डिंग में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
मैट रेनशॉ ने पहली पारी में बनाए थे 190 रन
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 390 रनों पर सिमट गई थी, जिसमें मैट रेनशॉ ने शानदार 190 रनों की पारी खेली थी। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए विलेम मुल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, जबकि मार्को जानसेन को 3 और एनरिक नॉर्खिया को 2 सफलता मिली। वहीं, साउथ अफ्रीका की पारी के दौरान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए शुरुआती 6 में से 3 विकेट अपने नाम किए। तीसरे दिन के चाय ब्रेक तक साउथ अफ्रीका की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 238 रन बना चुकी है।
यह भी पढ़ें
रणजी में भारतीय ओपनर्स का फ्लॉप शो, जायसवाल शून्य पर आउट, राहुल का भी नहीं चला बल्ला
सूर्यांश शेडगे का अर्धशतक, गुरजापनीत सिंह ने झटके 3 विकेट, इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया को हराया
Latest Cricket News