1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. टीम इंडिया का ऐलान, 26 खिलाड़ियों को मिली जगह; पनामा, ब्राजील और उरुग्वे से भिड़ेगी भारतीय टीम

टीम इंडिया का ऐलान, 26 खिलाड़ियों को मिली जगह; पनामा, ब्राजील और उरुग्वे से भिड़ेगी भारतीय टीम

भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने सितंबर-अक्टूबर की FIFA इंटरनेशनल विंडो के लिए 26 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है।

Indian Football- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय फुटबॉल टीम

भारतीय फुटबॉल टीम के लिए अगले महीने का इंटरनेशनल विंडो बेहद खास होने वाला है। मुख्य कोच खालिद जमील ने सोमवार को 26 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जो पनामा, ब्राजील और उरुग्वे के खिलाफ तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों में उतरेगी। खास तौर पर ब्राजील और उरुग्वे के खिलाफ मुकाबले भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुद को परखने का बड़ा मौका होंगे।

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 26 सितंबर को बेंगलुरु में पनामा के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम कोलकाता का रुख करेगी, जहां 3 अक्टूबर को पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील और 6 अक्टूबर को दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से सामना होगा।

तीनों टीमें इस साल आयोजित हुए FIFA विश्व कप में हिस्सा ले चुकी हैं। ऐसे में भारतीय टीम के सामने विश्व स्तरीय खिलाड़ियों वाली टीमों के खिलाफ अपने खेल का स्तर परखने की बड़ी चुनौती होगी। युवा खिलाड़ियों से सजी टीम के साथ खालिद जमील आगामी मुकाबलों के जरिए अपनी टीम की मजबूती और कमजोरियों को भी समझना चाहेंगे।

14 सितंबर से शुरू होगा नेशनल कैंप

नेशनल टीम का कैंप 14 सितंबर से बेंगलुरु में शुरू होगा। पनामा के खिलाफ मुकाबला खेलने के बाद भारतीय टीम 28 सितंबर को कोलकाता के लिए रवाना होगी। इसके बाद टीम लगातार ब्राजील और उरुग्वे जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ मैदान में उतरेगी। खालिद जमील के लिए यह तीन मुकाबले इसलिए भी अहम हैं क्योंकि भारतीय टीम को आगे कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट खेलने हैं। ब्राजील और उरुग्वे के खिलाफ मैच खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का शानदार अवसर देंगे।

भारत की 26 सदस्यीय टीम

  • गोलकीपर: एल्बिनो गोम्स, गुरप्रीत सिंह संधू, प्रभसुखन सिंह गिल, सोम कुमार।
  • डिफेंडर: अभिषेक सिंह टेकचाम, आकाश मिश्रा, अनवर अली, बिजॉय वर्गीज, हमिंगथनमाविया राल्टे, जय गुप्ता, प्रमवीर, रिकी मीतेई हाओबाम।
  • मिडफील्डर: अनिरुद्ध थापा, आशिक कुरुनियन, फारुख चौधरी, लालेंगमाविया राल्टे, मैकार्टन निक्सन, मोहम्मद सनान, रिकी शाबोंग, सहल अब्दुल समद।
  • फॉरवर्ड: एडमंड लालरिंडिका, इरफान याडवाड, मनवीर सिंह, रहीम अली, रयान विलियम्स, विक्रम प्रताप सिंह।

भारतीय टीम का शेड्यूल

  • 26 सितंबर: भारत बनाम पनामा, श्री कांतीरवा स्टेडियम, बेंगलुरु
  • 3 अक्टूबर: भारत बनाम ब्राजील, विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन, कोलकाता
  • 6 अक्टूबर: भारत बनाम उरुग्वे, विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन, कोलकाता

यह भी पढ़ें:

आर प्रज्ञाननंदा ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर जीतने वाले बने पहले भारतीय

नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से हुए बाहर, चोट की वजह से बचे हुए सीजन में नहीं लेंगे हिस्सा