1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आर प्रज्ञाननंदा ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर जीतने वाले बने पहले भारतीय

आर प्रज्ञाननंदा ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर जीतने वाले बने पहले भारतीय

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 28, 2026 07:39 am IST,  Updated : Aug 28, 2026 07:39 am IST

आर प्रज्ञानानंद ने सेंट लुइस में फैबियानो कारुआना को 15-13 से हराकर ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। वे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

R Praggnanandhaa - India TV Hindi
आर प्रज्ञाननंदा Image Source : AP

आर प्रज्ञानानंद ने सेंट लुइस में इतिहास रचते हुए ग्रैंड चेस टूर का खिताब अपने नाम कर लिया है। वे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए फैबियानो कारुआना को 15-13 से हराया। चेन्नई के रहने वाले इस युवा ग्रैंडमास्टर ने 6 अंकों से पिछड़ने के बावजूद हार नहीं मानी और अंत में जबरदस्त वापसी करते हुए मैच को पलट दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ उन्हें अपनी पहली ट्रॉफी और लगभग 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि अपने नाम की। हाल ही में उन्होंने सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब अपने नाम किया था

अंतिम दिन प्रज्ञानानंद की शानदार वापसी

टूर्नामेंट के अंतिम दिन की शुरुआत में फैबियानो कारुआना 6 अंकों से आगे थे, जिससे प्रज्ञानानंद के सामने पिछड़ने के बाद वापसी करने की बड़ी चुनौती थी। लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए दोनों रैपिड मैच जीत लिए और बढ़त बना ली। इसके बाद ब्लिट्ज सेक्शन में भी उन्होंने इस बढ़त को बनाए रखा। दोनों खिलाड़ियों के बीच ब्लिट्ज मैच बराबरी पर खत्म हुआ। इसके साथ ही प्रज्ञानानंद ने 15-13 के स्कोर के साथ आसानी से खिताब अपने नाम कर लिया।

पहले ब्लिट्ज मैच में प्रज्ञानानंद से हुई गलती

पहला ब्लिट्ज मैच प्रज्ञानानंद के लिए अच्छा नहीं रहा। उनके पास जीतने का अच्छा मौका था, लेकिन समय की कमी में हड़बड़ी के कारण उनसे एक गलती हो गई। इससे उनकी स्थिति खराब हो गई थी, लेकिन कारुआना भी इस मौके का फायदा नहीं उठा पाए और आखिरकार मैच ड्रॉ  पर खत्म हुआ। मैच के पहले क्लासिकल गेम में कारुआना पूरी तरह हावी रहे और उन्होंने 6-0 से जीत दर्ज की। बुधवार को हुआ दूसरा क्लासिकल गेम 3-3 की बराबरी (ड्रॉ) पर छूटा। इस वजह से अंतिम दिन के रैपिड और ब्लिट्ज मैचों से ठीक पहले कारुआना प्रज्ञानानंद से पूरे 6 पॉइंट आगे थे।

वेस्ली सो ने हासिल किया तीसरा स्थान

सेंट लुइस में तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में वेस्ली सो ने विंसेंट कीमर को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। रैपिड मैचों में दोनों ने एक-एक मैच जीता, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक बना रहा। लेकिन इसके बाद वेस्ली सो ने ब्लिट्ज मैचों में एकतरफा खेल दिखाते हुए लगातार चारों मैच जीत लिए और मैच पूरा होने से पहले ही अपनी जीत पक्की कर ली। आखिरकार, वेस्ली सो ने कीमर को 18-12 के कुल स्कोर से हराकर तीसरा स्थान अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें

ब्राजील के बाद दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से भिड़ेगी टीम इंडिया, कोलकाता में खेला जाएगा मैच

टीम इंडिया हुई हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर, अर्जेंटीना ने 5-3 के अंतर से जीता मुकाबला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल