1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. टीम इंडिया हुई हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर, अर्जेंटीना ने 5-3 के अंतर से जीता मुकाबला

टीम इंडिया हुई हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर, अर्जेंटीना ने 5-3 के अंतर से जीता मुकाबला

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 24, 2026 08:36 pm IST,  Updated : Aug 24, 2026 08:36 pm IST

भारतीय पुरुष हॉकी टीम को वर्ल्ड कप के मुकाबले में अर्जेंटीना के खिलाफ 3-5 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय टीम हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है।

Indian Hockey Team- India TV Hindi
इंडियन हॉकी टीम Image Source : AP

भारतीय हॉकी टीम का मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में सफर समाप्त हो गया है। दूसरे दौर के एक अहम मुकाबले में अर्जेंटीना ने भारत को 5-3 से हरा दिया। इस हार के बाद भारतीय टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है और खिलाड़ियों का एक बार फिर वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना टूट गया है। इससे पहले टीम इंडिया को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में भी हार का सामना करना पड़ा था।

अर्जेंटीना के खिलाफ मैच में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही

भारत के लिए मैच की शुरुआत काफी खराब रही। खेल शुरू होने के केवल 40वें सेकंड में अर्जेंटीना के तोस्कानी ने एक फील्ड गोल करके भारत पर दबाव बना दिया। इसके तुरंत बाद, 7वें मिनट में निकोलस डेला टोरी ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अर्जेंटीना की बढ़त 2-0 कर दी। मैच के 10वें मिनट में सुखजीत सिंह ने बेहतरीन फील्ड गोल करके भारत के लिए वापसी का दरवाजा खोल दिया, लेकिन टीम इस लय को बनाए नहीं रख सकी। मैच के दौरान भारतीय टीम का डिफेंस काफी कमजोर नजर आया। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद पर अपना कब्जा तो बनाए रखा, लेकिन वे इसे गोल में बदलने में नाकाम रहे।

भारत को मिले 4 पेनल्टी कॉर्नर

हालांकि 34वें मिनट में भारत को लगातार चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले और कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पास गोल करने का सुनहरा मौका था। लेकिन अर्जेंटीना के मजबूत डिफेन्स और जुगराज की गैरमौजूदगी की वजह से भारतीय टीम एक भी मौका भुना नहीं पाई। मैच के तीसरे और चौथे क्वार्टर में अर्जेंटीना के खिलाड़ी डोमेने पूरी तरह छाए रहे, जबकि भारतीय गोलकीपर मोहित ने कुछ शानदार बचाव भी किए। यशदीप के फाउल की वजह से अर्जेंटीना को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे डोमेने ने आसानी से गोल में बदल दिया। आखरी क्वार्टर में भारत ने दो गोल जरूर दागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और अंत में भारत 5-3 से मैच हार गया।

नीदरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को मिली 3-1 से हार

इस हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए दूसरा दौर बेहद निराशाजनक रहा। इससे पहले नीदरलैंड के खिलाफ टीम को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पहले दौर में इंग्लैंड से मिली हार की वजह से भारत को आगे के लिए कोई पॉइंट नहीं मिले थे। नतीजा यह हुआ कि दूसरे दौर में एक भी पॉइंट हासिल न कर पाने की वजह से भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

यह भी पढ़ें

भारत बनाम श्रीलंका तीसरे दिन सुबह जल्दी शुरू होगा मैच, नोट कीजिए, नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला

13 गेंदों के सस्पेंस के बाद आया ध्रुव जुरेल का शतक, ड्रेसिंग रूम में हंसते-हंसते लोटपोट हुए कप्तान गिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल