1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ब्राजील के बाद दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से भिड़ेगी टीम इंडिया, कोलकाता में खेला जाएगा मैच

ब्राजील के बाद दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से भिड़ेगी टीम इंडिया, कोलकाता में खेला जाएगा मैच

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 27, 2026 07:01 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 07:03 pm IST

भारतीय फुटबॉल टीम अक्टूबर में कोलकाता में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। इससे पहले टीम इंडिया पनामा और ब्राजील जैसी मजबूत टीमों से भी भिड़ेगी।

IND vs URG- India TV Hindi
भारत बनाम उरुग्वे Image Source : AFP/PTI

भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए आने वाले दिन बेहद खास होने वाले हैं। दुनिया की दिग्गज टीमों के खिलाफ खेलने का मौका मिलने जा रहा है और इसी कड़ी में भारतीय मेन्स फुटबॉल टीम दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच इंटरनेशनल फ्रैंडली मुकाबला 6 अक्टूबर को कोलकाता के प्रतिष्ठित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा।

कोलकाता में फुटबॉल का रोमांच

खास बात यह है कि उरुग्वे से मुकाबले से महज तीन दिन पहले भारतीय टीम इसी मैदान पर पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील का सामना करेगी। ऐसे में कोलकाता के फुटबॉल प्रेमियों को एक ही फीफा विंडो में वर्ल्ड फुटबॉल की दो बड़ी ताकतों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ यानी AIFF ने 27 अगस्त को उरुग्वे के खिलाफ मुकाबले की घोषणा की। AIFF के अनुसार, सितंबर से अक्टूबर तक चलने वाली फीफा इंटरनेशनल विंडो में यह भारत का तीसरा हाई-प्रोफाइल फ्रैंडली मुकाबला होगा। इससे पहले भारतीय टीम 26 सितंबर को बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में पनामा के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। इस तरह एक ही फीफा विंडो के दौरान भारत में पनामा, ब्राजील और उरुग्वे जैसी वर्ल्ड कप खेल चुकी टीमें पहुंचेंगी।

26 सितंबर को पनामा से टक्कर

उरुग्वे मौजूदा समय में फीफा रैंकिंग में 20वें स्थान पर है। टीम ने 1930 और 1950 में वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, जबकि 1954, 1970 और 2010 में वह सेमीफाइनल तक पहुंची। हालांकि, 2026 वर्ल्ड कप में उरुग्वे का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया था। मौजूदा उरुग्वे टीम के मुख्य कोच डिएगो फोरलान भारतीय फुटबॉल से भी जुड़ाव रखते हैं। वह साल 2016 में मुंबई सिटी एफसी के लिए खेल चुके हैं।

पनामा के खिलाफ 26 सितंबर का मुकाबला भी टीम इंडिया के लिए खास रहेगा। बेंगलुरु में भारतीय टीम 2023 के सैफ चैंपियनशिप के बाद पहली बार खेलेगी। इसी मैदान पर भारत ने कुवैत को हराकर सैफ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद टीम इंडिया नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां उसे 12 और 15 नवंबर को दो फ्रैंडली मुकाबले खेलने हैं।

यह भी पढ़ें:

ऋषभ पंत ने पकड़ ली टीम इंडिया की कमजोरी, बोले- बाहर से कोई नहीं आएगा VIDEO

टीम इंडिया हुई हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर, अर्जेंटीना ने 5-3 के अंतर से जीता मुकाबला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल