1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमन ​गिल इतिहास रचने के करीब, आईसीसी रैंकिंग में विराट कोहली को नुकसान, केएल राहुल ने मारी लंबी छलांग

शुभमन ​गिल इतिहास रचने के करीब, आईसीसी रैंकिंग में विराट कोहली को नुकसान, केएल राहुल ने मारी लंबी छलांग

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Oct 07, 2026 01:50 pm IST,  Updated : Oct 07, 2026 02:10 pm IST

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई वनडे सीरीज के बाद अब आईसीसी ने नई रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें शुभमन गिल का जलवा बरकरार है। विराट कोहली को हल्का नुकसान हुआ है। इस बीच केएल राहुल ने टॉप 10 में अपनी जगह बनाने में सफलता हासिल की है।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन ​गिल Image Source : AP

आईसीसी की ओर से जारी की गई ताजा रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल इतिहास बनाने के करीब पहुंचते हुए नजर आ रहे हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद नई रैंकिंग आ गई है। इसमें गिल को रेटिंग का जबरदस्त फायदा हुआ है। हालांकि विराट कोहली को इस बार हल्का सा नुकसान उठाना पड़ा है, वहीं केएल राहुल ने लंबी छलांग लगाते हुए टॉप 10 में एंट्री कर ली है। नई रैंकिंग में काफी उठापटक दिख रही है।

शुभमन गिल ऑलटाइम हाई रेटिंग के बेहद करीब पहुंचे

भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। वे इस वक्त आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक पर हैं। वे पहले भी नंबर एक पर थे, लेकिन अब उनकी रेटिंग और बढ़ गई है। ताजा रैंकिंग में उनकी रेटिंग बढ़कर 841 की हो चुकी है। शुभमन गिल की ऑलटाइम हाई रेटिंग 855 की है, जो उन्होंने गुवाहाटी वाले मैच के बाद हासिल की थी, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे मैच में वे जल्दी आउट हो गए थे, इसलिए ये घटकर 841 की हो गई। लेकिन उनके पास मौका होगा कि वे न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज में अपनी ऑलटाइम हाई रेटिंग हासिल करें। 

विराट कोहली को एक स्थान का नुकसान, डेरिल मिचेल दूसरे नंबर पर पहुंचे

इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को नुकसान हुआ है। वे अब दूसरे नंबर से सीधे तीसरे पर चले गए हैं। भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरे मैच में वे शून्य पर आउट हो गए थे। अब उनकी रेटिंग घटकर 781 की हो गई है। इस बीच न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 794 की है। रोहित शर्मा पहले की ही तरह चौथे नंबर पर जमे हुए हैं। उनकी रेटिंग 770 की है। यानी अब विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच बहुत ज्यादा फासला नहीं बचा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में इन दोनों के बीच एकदूसरे से आगे निकलने की होड़ नजर आ सकती है। 

केएल राहुल टॉप 10 में पहुंचने में हुए कामयाब

इस बीच केएल राहुल ने लंबी छलांग मारी है। उन्हें साथ स्थानों का उछाल मिला है। वे अब सीधे दसवें नंबर पर पहुंच गए हैं। राहुल की रेटिंग 653 की हो गई है। भारत बनाम वेस्टइंडीज आखिरी वनडे में राहुल ने धमाकेदार शतक ठोका था, उनके बल्ले से 129 रनों की नाबाद पारी आई थी। इसका फायदा उन्हें रेटिंग में मिला है। वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने भी दो स्थानों की छलांग मारी है, वे अब छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 710 की हो चुकी है। इस बीच बाबर आजम और कुसल मेंडिस को एक एक स्थान का नुकसान हुआ है। आने वाले दिनों में ये रैंकिंग और रेटिंग काफी जल्दी जल्दी ​बदलेगी, क्योंकि लगातार वनडे मुकाबले होने वाले हैं। 

यह भी पढ़ें 

विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव से आगे निकले श्रेयस अय्यर, अब रोहित शर्मा के रिकॉर्ड पर लगी निगाहें

नमन धीर ने डेब्यू में ही किया बड़ा धमाका, टी20 इंटरनेशनल में दूसरी बार हुआ ऐसा कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।