iPhone 18 Pro सीरीज के लॉन्च हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं कि यूजर्स ने फोन को लेकर शिकायतें करनी शुरू कर दी है। नई आईफोन 18 प्रो सीरीज की सेल 20 सितंबर से ग्लोबली शुरू हो गई है। यूजर्स को नए फोन में ग्रीन लाइन की समस्या दिखाई दे रही है। स्क्रीन पर ऊपर से नीचे की तरह एक हरी लाइन दिखाई दे रही है, जो पहले Samsung, OnePlus आदि के फोन में दिखाई दे रहे थे।
कई यूजर्स ने की शिकायत
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर कई यूजर्स ने फोन में आ रही इस दिक्कत के बारे में बताया है। वहीं, कुछ यूजर्स पिछले साल लॉन्च हुए iPhone 17 Pro सीरीज में भी ग्रीन लाइन की दिक्कत रिपोर्ट कर रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर्स का कहना है कि एप्पल ने सैमसंग का डिस्प्ले यूज किया है, जिसकी वजह से ग्रीन लाइन की दिक्कत आ रही है। पहले भी सैमसंग के फोन में इस तरह की दिक्कत रिपोर्ट की गई थी, जिसकी वजह से सैमसंग ने कई फोन के लिए फ्री स्क्रीन रिप्लेसमेंट प्रोग्राम चलाया था। वहीं, OnePlus ने भी अपने फ्लैगशिप फोन के लिए फ्री स्क्रीन रिप्लेसमेंट ऑफर किया था।
Apple की तरफ से फिलहाल नए iPhone 18 Pro सीरीज में आ रही ग्रीन लाइन की दिक्कत को लेकर कुछ भी नहीं कहा गया है। iPhone 18 Pro सीरीज की भारत में शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये है। इसकी वजह से सोशल मीडिया पर कमेंट करते हुए कह रहे हैं कि लाखों रुपये के फोन लेने का क्या फायदा, जब उसका डिस्प्ले ही खराब हो जाए।
Face ID में भी आ रही दिक्कत
वहीं, दक्षिण कोरियाई पब्लिकेशन 'द एशिया बिजनेस डेली' की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple Wallet यूज करते समय यूजर्स को Face ID ऑथेंटिकेशन की दिक्कत आ रही है। फोन अपने आप शटडाउन होकर रीस्टार्ट हो रहा है। कुछ Reddit यूजर्स ने दावा किया है कि नए iPhone 18 Pro में FaceID इस्तेमाल करते ही डिवाइस कई बार रीस्टार्ट हुआ है।
क्या करें?
अगर, आपको भी अपने नए iPhone में इस तरह की समस्या आ रही है तो आप Apple सपोर्ट या नजदीकी एप्पल स्टोर से संपर्क कर सकते हैं। वहीं, अगर आपका फोन बार-बार शटडाउन हो रहा है या क्रैश हो रहा है तो फोन की सेटिंग्स में जाएं इसके बाद Privacy & Security > Analytics & Improvements > Analytics Data में जाकर अपने डिवाइस का एनालिटिक्स लॉग देखें। इस समस्या को रिकार्ड करके एप्पल सपोर्ट या ऑथोराइज्ड सर्विस सेंटर पर दिखाएं।
यह भी पढ़ें - Qualcomm ने लॉन्च किया दुनिया का सबसे तेज मोबाइल चिपसेट, मिलेगी 5.0 GHz तक की स्पीड