1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. Oppo Find X10, Find X10 Pro Max की कीमत लॉन्च से पहले हुई लीक

Oppo Find X10, Find X10 Pro Max की कीमत लॉन्च से पहले हुई लीक

Oppo Find X10 और Find X10 Pro Max की कीमत लॉन्च से पहले लीक हो गई है। चीनी कंपनी के ये दोनों फोन 22 अक्टूबर को भारत में पेश किए जाएंगे।

oppo Find x10 series- India TV Hindi
Image Source : OPPO ओप्पो फाइंड एक्स 10 सीरीज

Oppo Find X10 सीरीज के दो फोन Find X10 और Find X10 Pro Max जल्द भारत में लॉन्च होंगे। इन दोनों फोन की लॉन्च डेट कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कंफर्म कर दी है। ये दोनों फोन 22 अक्टूबर को भारत में पेश किए जाएंगे। ओप्पो ने इन दोनों फोन को पहले ही चीन में उतार दिया है। भारत में लॉन्चिंग से पहले Oppo के इन दोनों फोन की कीमत सामने आ गई है।

कीमत हुई लीक

भारतीय टिप्स्टर अभिषेक यादव ने फोन का रिटेल बॉक्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। टिप्स्टर के मुताबिक, Oppo Find X10 और Oppo Find X10 Pro Max को भारत में क्रमशः 1,79,999 रुपये और 2,39,999 रुपये की अधिकतम प्राइस में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, फोन की सेलिंग प्राइस MRP से बिलकुल अलग होगी। पिछले दिनों आई रिपोर्ट के मुताबिक, Oppo Find X10 Pro Max को 1,28,990 रुपये की बेस प्राइस में पेश किया जा सकता है। यह फोन 12GB RAM + 256GB स्टोरेज के साथ पेश किया जा सकता है।

Oppo Find X10 सीरीज

Oppo Find X10 को चीन में 6.59 इंच के FHD+ डिस्प्ले के साथ लॉन्च किया गया है। चीनी कंपनी के इस फोन में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले पैनल मिलेगा, जिसकी पीक ब्राइटनेस 2000 निट्स तक की है। फोन के बैक में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है, जिनमें 200MP का मेन, 50MP का अल्ट्रा वाइड और 200MP का पेरीस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलेगा।

इस फ्लैगशिप फोन का टेलीफोटो कैमरा 2.8x ऑप्टिकल जूम को सपोर्ट करता है। यह फोन MediaTek Dimensity 9600M चिपसेट पर काम करता है। इसके साथ 12GB रैम और 512GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। फोन में 8000mAh की दमदार बैटरी दी गई है। इसके साथ 100W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। यह फोन Android 17 पर बेस्ड ColorOS 17 पर काम करता है।

वहीं, इस सीरीज के ओप्पो Find X10 Pro Max में 6.78 इंच का LTPO OLED डिस्प्ले मिलेगा। इस फोन के डिस्प्ले का रेजलूशन 2K पिक्सल होगा और यह 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट कर सकता है। इसमें MediaTek Dimensity 9600 Pro चिपसेट के साथ 16GB रैम और 1TB तक स्टोरेज दिया जा सकता है। ओप्पो का यह फोन Android 17 पर बेस्ड ColorOS 17 पर काम करेगा।

यह भी पढ़ें - BSNL ने फिर दिया तोहफा, इस सस्ते प्लान में अब मिलेगी 380 दिनों की वैलिडिटी