1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ये चोर कुछ और ही हैं! घर में कुछ नहीं मिला तो कर दिया कांड, बाथरूम-किचन की 25 टोंटियां उखाड़ लीं

ये चोर कुछ और ही हैं! घर में कुछ नहीं मिला तो कर दिया कांड, बाथरूम-किचन की 25 टोंटियां उखाड़ लीं

आपने एक फिल्म का डायलॉग सुना ही होगा- तू क्या चोर बनेगा रे... उसी क्रम में बांदा में पुलिस को एक पीड़ित व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके घर में चोरी हो गई है, लेकिन चोरी में कुछ कीमती सामान नहीं गया, बल्कि घर के सभी नलों की टोंटियां चोरी कर ली गईं।

चोरों ने 25 नलों की...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चोरों ने 25 नलों की टोंटियां चुराकर कबाड़ी को बेच दी थीं।

यूपी के बांदा में एक अजीबोगरीब हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरों की चोरी देखकर मकान मालिक, पुलिस भी हैरानी में पड़ गई। जिसने भी चोरों के कारनामे को सुना, वो दंग रह गया। दरअसल, घर में चोरी करने घुसे चोरों को कीमती सामान न मिलने पर इतना गुस्सा आ गया कि उन्होंने घर में लगे नलों की टोंटियां चोरी कर डाली और मौके से फरार हो गए। इसके बाद जाकर उन्होंने कबाड़ी को बेच भी दिया।

घर मालिक ने जब ये सब देखा तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया और 12 घंटे के भीतर घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल चारों आरोपी जेल पहुंच चुके हैं और चोरी की 25 टोंटियां भी बरामद हो चुकी हैं।

चोरों की बात सुन पुलिस भी हैरान रह गई

आमतौर पर चोरी की खबर में सोना, चांदी, कैश, मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने की बात सामने आती है। लेकिन बांदा के इस मामले में चोरों ने नलों की टोंटियां ही निशाना बना लीं। जब उनसे पूछताछ शुरू की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिससे पुलिस अधिकारी भी हैरान हो गए बगैर हंसे रह नहीं पाए।

Image Source : reporter inputचारों आरोपी गिरफ्तार।

चोरों ने पुलिस को बताया कि साहब! घर में कुछ कीमती या बड़ा समान, कैश आदि मिला नहीं, इसलिए हम लोग भड़क गए और गुस्से में आकर घर में सभी जगह लगे नलों की टोंटियां काटकर चोरी कर ली। बाथरूम, किचन, वॉश बेसिन सब जगह की टोंटिया चोरी कर ली, इसके बाद कबाड़ी को बेच दीं। कुल मिलाकर घर की 25 टोंटियां चोरों के हाथ लग गईं।

पुलिस ने कबाड़ी के यहां से बरामद कीं टोंटियां

पुलिस ने कबाड़ी के यहां से 25 नलों की टोंटियां, 8 हजार कैश, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि चोरी के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। चारों आरोपियों मनी, अमीर, अनस और आबिद जो कोतवाली नगर के रहने वाले हैं, पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने इन आरोपियों की क्राइम कुंडली खंगालने के आदेश भी पुलिस टीम को दिए हैं।

वहीं, आपको बता दें कि 2 साल पहले मुम्बई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन से 1.2 लाख के नल-टोंटी चोरी का मामला सामने आया था। रेलवे द्वारा यात्रियों के लिए बनाए गए-नए AC टॉयलेट में से टोंटी चोरी हुई थी।

(रिपोर्ट- पंकज द्विवेदी)

यह भी पढ़ें-

VIDEO: चोरी के डर से खेत में गाड़े 5 लाख, जगह भूल गया किसान; सालभर बाद मिले तो नोटों का हाल देख टूट पड़ा

ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर बनाते थे निशाना, चोरी के पैसों से बना डाला 2.5 करोड़ का बंगला; 18 सालों में 40 वारदातें