1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर बनाते थे निशाना, चोरी के पैसों से बना डाला 2.5 करोड़ का आलीशान बंगला; 18 सालों में 40 वारदातों का खुलासा

ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर बनाते थे निशाना, चोरी के पैसों से बना डाला 2.5 करोड़ का आलीशान बंगला; 18 सालों में 40 वारदातों का खुलासा

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 05, 2026 03:50 pm IST,  Updated : Aug 05, 2026 04:00 pm IST

महाराष्ट्र से इंदौर अपनी बेटी को ससुराल छोड़ने आए पवन सिंह इस गिरोह का शिकार बने। शिकायत के बाद मामले की छानबीन हुई तो पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से करीब 20 लाख रुपये की चोरी का सामान भी मिला।

गिरोह का मास्टरमाइंड महबूब हमीद गिरफ्तार- India TV Hindi
गिरोह का मास्टरमाइंड महबूब हमीद गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ई-रिक्शा को अपनी वारदातों का मुख्य हथियार बनाता था। पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास से करीब 20 लाख रुपये का चोरी का माल भी बरामद किया गया है।

इस तरह देते थे वारदातों को अंजाम

गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड्स पर अकेले सफर करने वाले यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर नजर रखते थे। ये सभी शातिर एक ही शेयरिंग ई-रिक्शा में सवार हो जाते थे। सफर के दौरान गिरोह के अन्य सदस्य यात्रियों को बातों में उलझाए रखते थे, जबकि मास्टरमाइंड मौका पाकर बैग से पर्स, नकदी और जेवर पार कर देता था। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी अलग-अलग स्थानों पर उतरकर फरार हो जाते थे।

कैसे खुला मामला?

हाल ही में महाराष्ट्र से इंदौर अपनी बेटी को ससुराल छोड़ने आए 60 वर्षीय पवन सिंह इस गिरोह का शिकार बने। वे रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में सवार हुए थे और स्कीम-78 पहुंचते-पहुंचते उनकी बेटी के बैग से करीब 12 तोला सोने के जेवर चोरी हो चुके थे। पीड़ित की शिकायत और ई-रिक्शा के आधे नंबर के सुराग के आधार पर विजय नगर एसीपी पराग सैनी के निर्देशन में लसूड़िया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आखिरकार इस गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

बंगला
Image Source : REPORTER INPUTबंगला

40 चोरी के मामले, सिर्फ इंदौर में 11

गिरोह का मास्टरमाइंड 53 वर्षीय महबूब हमीद है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। वह पिछले करीब 18 वर्षों से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के कई शहरों में एक्टिव था। अकेले मेहबूब पर विभिन्न राज्यों में करीब 40 चोरी के मामले दर्ज हैं, जिनमें से 11 अकेले इंदौर शहर के हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी के पैसों से मेहबूब ने बिजनौर में लगभग ढाई करोड़ रुपये का एक आलीशान बंगला बनवा रखा है। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो बंगले की भव्यता देखकर दंग रह गई।

पूरा परिवार है इस धंधे में शामिल

पुलिस की शुरुआती जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मेहबूब का पूरा परिवार इसी तरह की वारदातों में शामिल रहा है। उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में पूछताछ के दौरान कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। हाल में इंदौर से एक चोरी का मामला सामने आया था, जिसमें एक मैकेनिकल इंजीनियर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर बेचने का रास्ता अपना लिया था।

(रिपोर्ट- भारत पाटील)

ये भी पढ़ें-

हार गए रिश्ते! वृद्धाश्रम में कपड़ा व्यापारी ने तोड़ा दम, अंतिम दर्शन के लिए नहीं आई 3 बेटियां, 5100 रुपये ट्रांसफर कर बोलीं- अंतिम संस्कार की वीडियो भेज देना

पटना में जमीन विवाद को लेकर खूनी खेल, ताबड़तोड़ हुई फायरिंग, 1 की मौत एक घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।