A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी बनी रणभूमि, बच्चों के झगड़े ने बारातियों और घरातियों को भिड़ाया, चलीं कुर्सियां-पत्थर; VIDEO वायरल

शादी बनी रणभूमि, बच्चों के झगड़े ने बारातियों और घरातियों को भिड़ाया, चलीं कुर्सियां-पत्थर; VIDEO वायरल

आजकल शादियों में हर दिन ऐसे-ऐसे नए मामले सुनने को मिल जाते है, जिसे जानकर होश ही उड़ जाते हैं। अब यूपी के बागपत में शादी का वीडियो जोर-शोर से वायरल हो रहा है।

baghpat marriage- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शादी में भिड़ गए बाराती और घराती।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हिंसक झड़प में बदल गया जब घरातियों और बारातियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामला सिंघावली थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव का बताया जा रहा है, जहां शामली के कांधला से आई बारात में यह बवाल खड़ा हो गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुए एक मामूली झगड़े से हुई थी। शुरुआत में इसे नजरअंदाज किया गया लेकिन कुछ ही देर में यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बड़े लोग भी इसमें कूद पड़े। देखते ही देखते शादी का खुशनुमा माहौल तनाव में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिलाएं और बुजुर्ग लोग एक तरफ हट गए जबकि युवक आपस में भिड़ गए। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और माहौल पूरी तरह बेकाबू हो गया।

बताया जा रहा है कि बारात शामली जिले के कांधला क्षेत्र से आई थी। घटना के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों को लेकर बढ़ता आक्रोश किस तरह बड़े विवाद में बदल जाता है।

(रिपोर्ट- पारस जैन)

यह भी पढ़ें-

Video: पति से विवाद के बाद महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, गुस्से में थर्ड फ्लोर पर घर की खिड़की से बाहर लटकी

यूपी: "न्यूड करके मुझे तांत्रिक पूजा में बैठाया गया", कानपुर में बहू ने ससुर और पति पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज