1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: "न्यूड करके मुझे तांत्रिक पूजा में बैठाया गया", कानपुर में बहू ने ससुर और पति पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज

यूपी: "न्यूड करके मुझे तांत्रिक पूजा में बैठाया गया", कानपुर में बहू ने ससुर और पति पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Apr 01, 2026 02:20 pm IST,  Updated : Apr 01, 2026 03:04 pm IST

कानपुर में एक अमीर परिवार की बहू ने अपने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि उसे जबरन न्यूड करके तांत्रिक पूजा में बैठाया गया।

kanpur- India TV Hindi
बहू ने ससुरालवालों पर लगाए गंभीर आरोप Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: यूपी के कानपुर शहर में एक अमीर ज्वेलरी कारोबारी परिवार के खिलाफ नवविवाहिता महिला ने दहेज प्रताड़ना, मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न और तंत्र-मंत्र की आड़ में अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि कि शादी के महज कुछ दिनों बाद ही ससुरालवालों ने उसे तांत्रिक पूजा में शामिल होने के लिए मजबूर किया। जब उसने विरोध किया तो पति और ससुर ने जबरन उसके कपड़े उतार दिए और पूरे परिवार के सामने नग्न अवस्था में पूजा में बिठा दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि “न्यूड होकर तंत्र क्रिया करो, इसी से हमने अपनी दौलत बनाई है।” इस गंभीर मामले में फिलहाल नवविवाहिता ने कानपुर पुलिस कमिश्नर से मामले की शिकायत की है । जिसके बाद पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है।

कहां की है घटना?

घटना पांडु नगर के रहने वाले एक ज्वेलरी व्यापारी के परिवार से जुड़ी है। पीड़िता की उम्र महज 25 साल है। उसकी शादी मार्च 2024 में ज्वेलरी व्यापारी के घर में हुई थी। पीड़िता के परिवार ने शादी में 5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। दहेज में फॉर्च्यूनर कार, सोने-चांदी के जेवर और अन्य बहुमूल्य सामान दिया गया। आरोप है इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। महिला के अनुसार, शादी के बाद ससुराल पहुंचते ही नवविवाहिता के साथ ताने शुरू हो गए। ससुराल वाले कहते थे कि उन्होंने 2 किलो सोना और 2 करोड़ रुपये नकद मांगे थे, जो नहीं मिले। वे लगातार मायके से एक किलो सोना, महंगा फर्नीचर और एक मकान लाने का दबाव बनाते रहे।

चौथे दिन जब महिला मायके गई तो उसे पता चला कि पूरा परिवार तंत्र-मंत्र की पूजा करता है। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चलने वाली इन पूजाओं में सभी सदस्य नग्न अवस्था में रहते थे। ऐसे में आरोप है कि सास और अन्य सदस्यों ने महिला को भी इसमें शामिल होने के लिए कहा। महिला ने साफ मना कर दिया और कहा कि सास-ससुर के सामने नग्न होना पाप है। इस पर पति और ससुर ने जबरन उसके सारे कपड़े उतार दिए। महिला रोने लगी तो सास ने चप्पलों से पीटा और कहा कि “इसके ऊपर साया है।” 

पीड़िता ने बताया कि बाबा ससुर ने उसके शरीर पर राख लगाई और धमकी दी कि अब वह घर की हर बात मानेगी, वरना तंत्र-मंत्र से पागल कर दिया जाएगा। विरोध करने पर पति ने उसे ससुर के साथ कमरे में बंद कर दिया। महिला की चीख-पुकार पर भी किसी ने मदद नहीं की। ससुराल वालों ने धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो पूरे परिवार को तंत्र से नुकसान पहुंचा देंगे। घंटों तक जबरन नग्न अवस्था में पूजा कराई गई।

महिला के अनुसार, इसके बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। ससुराल पक्ष ने कई बार हत्या की कोशिश की। जब महिला ने मायके जाकर सब बताया तो ससुराल वालों ने कहा कि अगर तंत्र से बचना है तो स्वरूप नगर में मकान और एक किलो सोना अतिरिक्त दहेज में देना होगा। महिला को सिर्फ दो कपड़ों में मायके विदा किया गया, कोई जेवर नहीं दिए गए। 

पीड़िता ने 30 मार्च को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से मुलाकात कर पूरी घटना बताई। जिसके बाद कमिश्नर ने जांच के निर्देश दिए। उसी दिन सिविल लाइंस महिला थाने में पति, बाबा ससुर, ससुर, सास और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। 

ससुराल पक्ष के मोबाइल बंद

इस मामले में इंडिया टीवी ने ससुराल पक्ष से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनके मोबाइल बंद मिले। इस घटना पर महिला अधिकार संगठन भी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। 

एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया, "महिला थाने में एक मुकदमा दर्ज करवाया गया है। मामला महिला अपराध की श्रेणी में है और शिकायत दहेज में दर्ज हुई है। विवेचना की जा रही है और तथ्यों का संकलन किया जा रहा है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।" (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।