1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'साहब आज के बाद बकरा चोरी नहीं करूंगा', बदमाश की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगते ही मांगने लगा माफी

'साहब आज के बाद बकरा चोरी नहीं करूंगा', बदमाश की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगते ही मांगने लगा माफी

ग्रेटर नोएडा के जारचा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान बकरा चोरी करने वाले गिरोह के सरगना के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका एक साथी फरार हो गया।

Greater Noida- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बदमाश की पुलिस से मुठभेड़

बकरा चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस की गिरफ्त में आते ही बदमाश रहम की गुहार लगाने लगा, जिसका वीडियो भी सामने आया है। ग्रेटर नोएडा में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वह घायल हालत में पकड़ा गया। गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने पुलिस से कहा कि साहब, आज के बाद बकरा चोरी नहीं करूंगा, माफ कर दो। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाश पर अलग-अलग जिलों में चोरी के एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।

दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ फरार

मामला जारचा थाना क्षेत्र का है। पुलिस की टीम प्यावली नहर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर 2 संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसी दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल लड़खड़ाकर गिर गई, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने पुलिस पर फायरिंग जारी रखी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद टीम ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद 

घायल बदमाश की पहचान संभल निवासी कमलू उर्फ कमल उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बकरा चोरी के बाद बिक्री से मिली नकदी, तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष शुक्ला के मुताबिक, आरोपी बेहद शातिर तरीके से गिरोह चलाता था। गैंग के सदस्य पहले मोटरसाइकिल से अलग-अलग इलाकों में रेकी करते थे और मौका मिलते ही बकरा चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए बकरों को दूसरे इलाकों में बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम गिरोह के सदस्यों के बीच बांटी जाती थी। फिलहाल इसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और इसके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी पता की जा रही है।

(रिपोर्ट: राहुल ठाकुर)

यह भी पढ़ें:

अवैध संबंधों के शक में खूनी खेल, घर में घुसे युवक को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

चिकन खाने के बाद एक ही परिवार के तीन बच्चों की बिगड़ी तबीयत, 7 साल के मासूम की हुई मौत