1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में युवक ने की आत्महत्या, मौत से पहले वीडियो बनाकर पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

ग्रेटर नोएडा में युवक ने की आत्महत्या, मौत से पहले वीडियो बनाकर पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो भी बनाया और उसके बाद आत्महत्या करने का भी वीडियो बनाया।

Greater Noida- India TV Hindi
Image Source : REPORER INPUT ग्रेटर नोएडा में युवक ने की आत्महत्या

ग्रेटर नोएडा में एक युवक की आत्महत्या के बाद सनसनी फैल गई है। मौत से पहले युवक ने वीडियो बनाकर अपनी पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उसने वीडियो में अपनी पत्नी के व्यवहार और कथित तौर पर दूसरे युवकों से बातचीत को लेकर परेशानी की बात कही। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला बिसरख थाना क्षेत्र के मिल्क लच्छी गांव का है। यहां 25 साल के अजय सिंह किराए के मकान में अपनी पत्नी के साथ रहता था। मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला अजय ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था।

फरवरी में किया था प्रेम विवाह

मंगलवार को अजय ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। वीडियो में अजय ने दावा किया कि उसने 9 फरवरी को अपनी पत्नी से प्रेम विवाह किया था। उसका आरोप था कि शादी के बाद उसकी पत्नी दूसरे युवकों से फोन पर बातचीत करती थी। अजय के मुताबिक, उसने पत्नी की कॉल हिस्ट्री भी चेक की थी, जिसके बाद उसे कुछ ऐसी बातें पता चलीं, जिन्हें लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा।

अजय ने आरोप लगाया कि जब उसने पत्नी को दूसरे युवकों से बातचीत करने से रोकने की कोशिश की तो उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की जाने लगी। वीडियो में उसने कहा कि इन परिस्थितियों के कारण वह काफी परेशान था और अपनी जिंदगी खत्म करने जा रहा है। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया।

युवक ने खुद की जान लेने से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो

पुलिस के मुताबिक, युवक ने आत्महत्या करने से पहले वीडियो रिकॉर्ड किया था। पुलिस ने वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: राहुल ठाकुर)

यह भी पढ़ें:

DM ऑफिस के सामने युवक ने डीजल डालकर आत्मदाह का किया प्रयास, सुरक्षा कर्मियों ने दौड़कर बचाई जान

WhatsApp पर ‘अंतिम जोहार’ का स्टेटस, डायरी में भावुक नोट... इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और पत्नी फंदे पर लटके मिले