उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस ने आदर्श नगर निवासी 25 वर्षीय युवक अमन सागर की हत्या के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रशांत और पंकज निवासी जसरूपनगर, थाना हापुड़ नगर के रूप में हुई है।
बहन की शादी की तैयारी में जुटा था अमन
पुलिस द्वारा की गई जांच के अनुसार, यह पूरी घटना उधारी के पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ी है। मृतक अमन सागर और आरोपी प्रशांत के बीच करीब 2-3 वर्षों की पुरानी दोस्ती थी। अमन ने प्रशांत को लगभग 2 लाख रुपये उधार दिए थे। आगामी नवंबर माह में अपनी बहन की शादी की तैयारियों के लिए अमन लगातार प्रशांत से अपने पैसे वापस मांग रहा था।
Image Source : reporter inputपुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रॉड बरामद की।
पैसे लौटाने के बजाय दोस्त ने रची साजिश
प्रशांत, जो पहले रेप के एक मामले में जेल जा चुका था और कुछ समय पहले ही बाहर आया था, उसने पैसे लौटाने के बजाय साजिश रची और अमन को पैसे देने के बहाने बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। उसका शव बदनौली फाटक के पास खेत में मिला था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रॉड भी बरामद कर ली है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7 बजे प्रशांत ने रुपये लौटाने के बहाने अमन को अपनी स्कूटी पर बैठाया। मोदीनगर रोड पर उन्हें आयुष और पंकज मिले। इसके बाद तीनों अमन को बदनौली के जंगल की तरफ ले गए, जहां सभी ने बीयर पी। नशे की हालत में अमन से डिप्स लगाने के लिए कहा गया। जैसे ही अमन नीचे झुका, आरोपियों ने रॉड से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। आरोपी शव को बदनौली फाटक के पास खेत में फेंककर फरार हो गए।
हत्या में इस्तेमाल स्टील की रॉड बरामद
मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 टीमों का गठन किया था। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बदनौली फाटक के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशादेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई स्टील की रॉड जिसमें मोटरसाइकिल का चैन सॉकिट लगा है, भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर चल रह दावों पर क्या बोली पुलिस?
सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर चल रही अफवाहों और भ्रामक दावों पर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला किसी भी प्रकार के जातीय विवाद का नहीं है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक और आरोपी दोनों एक ही समुदाय/जाति से संबंध रखते हैं। अतः इसे अन्य रूप देना बिल्कुल अनुचित है। FIR में कुल चार नामजद आरोपी हैं, जिनमें से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है और बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई जारी है।
वहीं, गाजियाबाद में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक कार के अंदर लापता डॉक्टर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृत डॉक्टर के परिजनों ने एक दिन पहले ही उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
(रिपोर्ट- निशांक शर्मा)
यह भी पढ़ें-
शाहजहांपुर में 2 साधुओं का मर्डर! शिव मंदिर में जलाई जा रही थीं लाशें, धुआं उठता देख दौड़े गांव वाले
कसाई ने महिला की गला रेतकर की हत्या, शव को टुकड़ों में काटकर नहर में फेंका; टैटू से हुई पहचान