1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रतापगढ़ में डबल मर्डर, पति पर पत्नी और दो साल के बेटे की हत्या का आरोप; ससुराल पक्ष की शिकायत पर गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में डबल मर्डर, पति पर पत्नी और दो साल के बेटे की हत्या का आरोप; ससुराल पक्ष की शिकायत पर गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में पुलिस ने एक शख्स को पत्नी और बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर उसके ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

बिलाप करते मृतक के परिजन- India TV Hindi
Image Source : REPORTER बिलाप करते मृतक के परिजन

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लालपट्टी नया पुरवा गांव में शनिवार देर रात एक महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोपी पति पर गला दबाकर हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिस्तर पर मिले मां-बेटे के शव

नया पुरवा गांव निवासी सुरेश कुमार पटेल (पुत्र ओंकारनाथ पटेल) की शादी करीब 10 वर्ष पहले मानिकपुर क्षेत्र के अंतू मऊ निवासी शिवचरण की पुत्री नीता (30) के साथ हुई थी। शनिवार की रात परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ खाना खाया और अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर सुरेश ने बिस्तर पर ही अपनी पत्नी नीता और दो वर्षीय बेटे यीशु की गला दबाकर हत्या कर दी।

आत्महत्या बताने की कोशिश का आरोप

रविवार सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी, तब तक आरोपी पति ने पुलिस को सूचना देने के बजाय यह अफवाह फैलानी शुरू कर दी कि दोनों की मौत फांसी लगाने से हुई है। उसने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से दोनों शवों को बिस्तर से हटाकर बाहर चारपाई पर रख दिया, ताकि पूरी घटना आत्महत्या प्रतीत हो।

हालांकि, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने शवों पर पाए गए निशानों को देखकर पति पर गला दबाकर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक भूकर, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी दीपक भूकर ने बताया कि संग्रामगढ़ के नया का पुरवा लालू पट्टी में घरेलू कलह के चलते मृतका के पति द्वारा हत्या की गई है। आरोपी सुरेश पटेल को हिरासत में लाकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। मृतका के परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इससे पहले प्रतापगढ़ में टाइनी बैंक संचालिका की पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। 

रिपोर्ट- बृजेश मिश्र

ये भी पढ़ेंः ललितपुर में पति-पत्नी के शव घर के अंदर फंदे पर लटके मिले, घटना की जांच में जुटी पुलिस

ग्रेटर नोएडा में पांच लोगों की मौत मामले में नया मोड़, मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज