जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिनौरा निवासी गोपी अहिरवार पुत्र गोकुल अहिरवार, वर्तमान में शहर के मोहल्ला बघौरा के निवासी हैं। पत्नी की मृत्यु के बाद उनकी 2 बीघा जमीन का विक्रय हुआ था, जिसमें आधी रकम उनके भाई गोपाल को मिली, जबकि करीब पांच लाख रुपये गोपी को प्राप्त हुए।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि इस जानकारी के बाद मोहल्ला निवासी रेशमा पत्नी अहसान अली (निवासी करमचंदपुर, तहसील कालपी) ने गोपी को अपने झांसे में ले लिया। बताया गया कि रेशमा गोपी को विनय नगर, कालिंद्री स्कूल क्षेत्र, फरीदाबाद (हरियाणा) ले गई, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और नाम बदलकर दीन मुहम्मद रख दिया गया। आरोप के अनुसार, इस दौरान खेत बिक्री से मिले 5 लाख रुपये भी रेशमा ने हड़प लिए।
प्रताड़ना से तंग आकर VHP कार्यकर्ताओं से किया संपर्क
गोपी उर्फ दीन मुहम्मद ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से इसी पहचान के साथ रह रहा था। इस बीच उसने कई बार घर वापसी का प्रयास किया, लेकिन उसे धमकियां दी जाती रहीं, जिससे वह भय के कारण उसी जीवन में रहने को मजबूर रहा। मंगलवार को रेशमा की प्रताड़ना से परेशान होकर गोपी उर्फ दीन मुहम्मद ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) और हिंदू उत्थान सेवा समिति के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया और अपनी पूरी बात साझा की। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता उन्हें जिलाधिकारी के पास ले गए, जहां सिटी मजिस्ट्रेट को धर्म परिवर्तन से संबंधित शिकायत पत्र सौंपा गया।
हनुमान मंदिर में कराया शुद्धिकरण
बाद में पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में धार्मिक प्रक्रिया के तहत शुद्धिकरण किया गया। बाल कटवाने के बाद गोपी अहिरवार की घर वापसी कराई गई। इस मौके पर विहिप के प्रांतीय सेवा प्रमुख बलवीर सिंह जादौन ने कहा कि जबरन या प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मामले में प्रशासन द्वारा शिकायत की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
(रिपोर्ट- वरुण द्विवेदी)
यह भी पढ़ें-
ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास युवती की हत्या करने वाले आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली, पूछताछ में बड़ा खुलासा
2 बच्चों के पिता ने कराया जेंडर चेंज, परिवार में किसी को नहीं लगी भनक, राज खुला तो डिप्रेशन में गई पत्नी