1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. श्राद्ध कर्म के दौरान झांसी के मऊरानीपुर की सुखनई नदी में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की डूबने से मौत

श्राद्ध कर्म के दौरान झांसी के मऊरानीपुर की सुखनई नदी में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की डूबने से मौत

झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र में मंगलवार को पितृपक्ष के दौरान सुखनई नदी में श्राद्ध कर्म और तर्पण करते समय 5 लोग डूब गए। इस घटना से आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

5 died- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पांच लोगों की डूबने से मौत

झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र में मंगलवार को श्राद्ध कर्म के दौरान सुखनई नदी में ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तर्पण के दौरान एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया और उसे बचाने की कोशिश में परिवार के कई लोग नदी में उतर गए। देखते ही देखते पांच लोग पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई।

यह दर्दनाक हादसा रानीपुर चौकी क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा में हुआ। बताया गया कि गांव के रहने वाले अनूप तिवारी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ पूर्वजों के निमित्त श्राद्ध कर्म और जल तर्पण के लिए सुखनई नदी के किनारे पहुंचे थे। परिवार के लोग धार्मिक रस्म पूरी कर रहे थे। इसी दौरान अनूप तिवारी नदी के गहरे हिस्से में चले गए और अचानक डूबने लगे।

एक ही परिवार के 5 लोग डूबे

अनूप को पानी में डूबता देखकर वहां मौजूद परिजन उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। लेकिन नदी की गहराई और पानी के बहाव के कारण हालात तेजी से बिगड़ते चले गए। एक के बाद एक कई लोग पानी की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।

परिवार में पसरा मातम

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मृतकों में अनूप तिवारी, उनका 12 साल का बेटा अर्पित तिवारी, परिवार के अभिनव/अभिनय तिवारी, श्रेयांश तिवारी और जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला शामिल हैं। हादसे में एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े पांच लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि परिवार जिस श्राद्ध कर्म के लिए सुखनई नदी पहुंचा था, वह अनूप तिवारी के चाचा काशी प्रसाद तिवारी से संबंधित था। पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए किए जा रहे तर्पण के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

घटना की खबर फैलते ही देवरी सिंहपुरा और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस स्थान पर कुछ देर पहले धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था, वहां बाद में चीख-पुकार और लोगों की भीड़ नजर आई। एक साथ पांच लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

(रिपोर्ट:  विकास कुमार  शर्मा)

यह भी पढ़ें:

DM ऑफिस के सामने युवक ने डीजल डालकर आत्मदाह का किया प्रयास, सुरक्षा कर्मियों ने दौड़कर बचाई जान

WhatsApp पर ‘अंतिम जोहार’ का स्टेटस, डायरी में भावुक नोट... इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और पत्नी फंदे पर लटके मिले