A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बेटे की शादी से पहले उठी पिता की अर्थी, करंट लगने से मौत, बचाने गए पुत्र और बड़े भाई भी झुलसे

बेटे की शादी से पहले उठी पिता की अर्थी, करंट लगने से मौत, बचाने गए पुत्र और बड़े भाई भी झुलसे

कुशीनगर में अपने बेटे की शादी की तैयारी कर रहे पिता की करंट लगने से मौत हो गई। हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। बचाने की कोशिश में भाई और बेटा भी झुलस गए जिनमें से भाई की हालत गंभीर है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK प्रतीकात्मक तस्वीर

कुशीनगर जिले में अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बरसना गांव में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गई। घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन इसी बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 

शादी की तैयारी कर रहे पिता की मौत

45 वर्षीय उमेश उर्फ ​​गब्बर यादव अपने बड़े बेटे अजय की नवंबर में होने वाली शादी की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच सोमवार सुबह बिजली का करंट लगने से उनकी मौत हो गई, जबकि उनको बचाने गए बड़े भाई व पुत्र भी गंभीर रूप से झुलस गए। 

उमेश अपने घर की छत पर लोहे का ‘एंगल’ चढ़ा रहे थे, जहां उनकी होने वाली बहू के लिए एक कमरा बनाया जा रहा था। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और गलती से पास में लगे हाई-टेंशन तार की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें बिजली का गंभीर झटका लगा। उमेश को गिरता देख, उसके बड़े भाई राजू यादव (48) और बेटा अजय (22) उसे बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए।

खुशियों से गूंज रहा घर मातम में डूबा

परिवार के सदस्य तीनों को एम्बुलेंस से एम्स गोरखपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उमेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजू की हालत गंभीर बनी हुई है। इस खबर के फैलते ही खुशियों से गूंज रहा घर मातम में डूब गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

ट्रेन की छत पर खड़ा था सिरफिरा युवक, करंट ने दिया ऐसा झटका तेजी से गिरा नीचे, LIVE वीडियो आया सामने

बेटी के छुछक कार्यक्रम में CRPF जवान की मौत, पंखे के हाथ लगाते ही मौत की आगोश में समा गया