1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ में BJP महिला मंडल मंत्री और बेटी से मारपीट, पुलिसकर्मी से भी धक्का मुक्की

मेरठ में BJP महिला मंडल मंत्री और बेटी से मारपीट, पुलिसकर्मी से भी धक्का मुक्की

यूपी के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां संजय नगर इलाके में भाजपा की महिला मंडल मंत्री सारिका त्यागी और उनकी बेटी के साथ सरेआम मारपीट की गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पड़ोसियों से विवाद...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पड़ोसियों से विवाद में भाजपा महिला मंडल मंत्री से मारपीट।

मेरठ: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संजय नगर में भाजपा महिला मंडल मंत्री सारिका त्यागी और उनकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों के साथ हुए विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे एक पुलिसकर्मी के साथ भी धक्का-मुक्की कर उसे गिराने का प्रयास किया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, संजय नगर की रहने वाली भाजपा मंडल मंत्री सारिका त्यागी का अपने पड़ोसी अमित गुप्ता और उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान सारिका त्यागी और उनकी बेटी पर थप्पड़ बरसाए और उनके साथ मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब मामले को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी कथित तौर पर पुलिस के सामने भी नहीं रुके। वायरल वीडियो में एक युवक पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।

मारपीट से पहले का वीडियो भी आया सामने

इस घटना से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जो कथित तौर पर मारपीट से पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में दिल्ली नंबर की एक कार सड़क के बीच खड़ी दिखाई देती है। कार से उतरा एक युवक सारिका त्यागी के सामने हाथ जोड़ता नजर आता है। इसी दौरान वह उनके पैरों में झुकता दिखाई देता है। आरोप है कि इस पर सारिका त्यागी ने उसे गाली देते हुए लात मार दी।

वीडियो में कार की पिछली सीट पर बैठे एक अन्य युवक पर कुछ लड़कों के हमला करने का भी दावा किया जा रहा है। इसके बाद युवक कार से निकलकर भागता है और हमलावर उसके पीछे दौड़ते दिखाई देते हैं। वहीं, टी-शर्ट पहने एक युवक सारिका त्यागी के सामने हाथ जोड़ता नजर आता है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक थाना सिविल लाइन क्षेत्र की साकेत चौकी के निकट दो पड़ोसियों के बीच कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पीआरबी मौके पर पहुंची और शांति कायम की। मेरठ की डिप्टी एसपी सौम्या अस्थाना ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की तफ्तीश चल रही है।

फिलहाल, मामला मारपीट और पुलिसकर्मी के साथ कथित अभद्रता को लेकर चर्चा में है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।

बुलंदशहर में 8 साल की मासूम का अपहरण कर हत्या

वहीं, बुलंदशहर के सिकंदराबाद से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई। यहां आठ साल की एक बच्ची का शव एक खाली प्लॉट में मिला है। बच्ची के पिता का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनकी बेटी को घर से बहलाकर ले गया था और उसकी हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें-

7 दिन तक पिता की लाश के साथ फ्लैट में रहा बेटा, धनतेरस पर मिठाई लेकर पहुंची बेटी तो खुला राज

गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा! निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, कई मजदूर मलबे में फंसे; एक की मौत