1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बुलंदशहर में 8 साल की मासूम का अपहरण कर हत्या, फैक्ट्रीकर्मी पर दुष्कर्म की आशंका, आरोपी की तलाश जारी

बुलंदशहर में 8 साल की मासूम का अपहरण कर हत्या, फैक्ट्रीकर्मी पर दुष्कर्म की आशंका, आरोपी की तलाश जारी

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Nov 07, 2026 04:19 pm IST,  Updated : Nov 07, 2026 04:19 pm IST

बुलंदशहर के सिकंदराबाद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां आठ साल की एक बच्ची का शव एक खाली प्लॉट में मिला है। बच्ची के पिता का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनकी बेटी को घर से बहलाकर ले गया था और उसकी हत्या कर दी।

Bulandhshahr- India TV Hindi
बुलंदशहर में हुई हत्या Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 8 साल की मासूम बच्ची की अगवा करने के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के सामने आने के बाद से पूरे इलाके में दहशत और लोगों में भारी गुस्सा है। शुरुआती जांच में पुलिस और स्थानीय लोग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं, हालांकि इसकी पूरी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

किराए के मकान में रहता था आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से बदायूं जिले का रहने वाला है। बच्ची के पिता सिकंदराबाद क्षेत्र में एक किराए के मकान में रहकर पास की ही एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। जिस युवक पर हत्या का आरोप लगा है, उसका नाम रवि है जो कन्नौज जिले का रहने वाला है। आरोपी रवि भी उसी फैक्ट्री में काम करता था और अपनी पत्नी के साथ पीड़ित परिवार की ही बिल्डिंग में किराए पर रहता था। दोनों परिवारों की आपस में जान-पहचान थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

जंगल से मिला मासूम का शव

घटना के दिन बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिवारवालों ने उसकी तलाश शुरू की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची की खोजबीन शुरू की। कुछ समय बाद बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर एक जंगल से बरामद हुआ। बच्ची के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए थे, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उसकी बहुत ही बेहरमी से पिटाई या हमला करके हत्या की गई है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन परिवार बच्ची के पार्थिव शरीर को लेकर अपने मूल निवास बदायूं रवाना हो गया।

पुलिस कार्रवाई और आरोपी की तलाश जारी

इस गंभीर मामले को लेकर एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने मीडिया को जानकारी दी कि मृतका के पिता की शिकायत पर थाना सिकंदराबाद में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी रवि की पहचान कर ली है, जो घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा है। पुलिस की टीमें उसकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। इसके अलावा पुलिस आरोपी की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरी घटना की असल वजह और सच्चाई सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बुलंदशहर से वरुण शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

बिजनौर में पुलिस का बड़ा एक्शन, नमक के कट्टों की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, दो गिरफ्तार

कानपुर के हाई-प्रोफाइल पब के बाहर खूनी बवाल, बोतल से युवक का सिर फोड़ा, पांच सेकेंड में जड़े चार थप्पड़

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।