1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मेरी मांग भरो फिर...', प्रेमी के घर जबरन घुसकर जिद करने लगी गर्लफ्रेंड, परेशान होकर नदी में कूदा युवक

'मेरी मांग भरो फिर...', प्रेमी के घर जबरन घुसकर जिद करने लगी गर्लफ्रेंड, परेशान होकर नदी में कूदा युवक

शेषमणि यादव का पड़ोस में ही रहने वाली युवती से प्रेम संबंध था। दोनों ही यादव बिरादरी के हैं इसलिए उन्हें लगता था कि शादी भी आसानी से हो जाएगी। दोनों का एक ही खानदान है। लेकिन लव अफेयर की बात युवक के घरवालों को पता चली तो उन्होंने शादी से इनकार कर सख्ती करना शुरू कर दिया।

मृतक शेषमणि यादव की...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक शेषमणि यादव की फाइल फोटो।

प्रयागराज में 22 साल के शेषमिण यादव की आत्महत्या की कहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। 2 साल तक लव अफेयर के बाद लड़की शादी का दबाव बनाने लगी। युवक के घरवालों को रिश्ता मंजूर नहीं हुआ तो युवक ने प्रेमिका से किनारा करा लिया और लड़की से बात करना भी बंद कर दिया। इसका अंजाम यह हुआ कि प्रेमिका आजिज आकर प्रेमी के घर पहुंच गई। यहां एक कमरे में अपना सामान लेकर रहने लगी। प्रेमी के घरवालों ने लड़की को भगाया तो वह झगड़ा करती रही। इससे पूरे गांव में हंगामा मच गया। युवक ने भी प्रेमिका को वापस घर भेजने के लिए भगाने की कोशिश की तो वह यही रट लगाए रही कि पहले मांग में सिंदूर भरो। 

4 दिन तक बिना शादी युवक के घर रही प्रेमिका

चार दिनों तक प्रेमिका युवक के घर में बिना शादी के रही। सुबह शाम झगड़ा और मारपीट की नौबत के बीच समझौते की कोशिश हुई। पहले पांच लाख देने, फिर 15 लाख मांगने का मामला उठा। अंत में युवक अचानक उठा और टोंस नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस भी अब हर एंगल से जांच में जुटी है। 

एक ही बिरादरी के हैं प्रेमी-प्रेमिका

घटना प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र के पिपरहटा गांव की है। दूध डेयरी का कारोबार करने वाला शेषमणि यादव का पड़ोस में ही रहने वाली युवती से प्रेम संबंध हो गया था। दोनों ही यादव बिरादरी के हैं इसलिए उन्हें लगता था कि शादी भी आसानी से हो जाएगी। दोनों का एक ही खानदान है। लव अफेयर की बात युवक के घरवालों को पता चली तो वह शादी से इनकार कर सख्ती शुरू कर देते हैं। इसके बाद युवक भी परिवार के कहने पर लड़की से रिश्ता तोड़ देता है। 

प्रेमी के घर जबरन घुसी युवती

प्यार में धोखा खाई युवती लगातार कोशिश करती है कि प्रेमी और उसके घरवाले मान जाएं लेकिन ऐसा नहीं होता। दोनों के रिश्तों की कहानी पूरे गांव को पता होती है। 1 नवंबर को युवती बिना शादी के ससुराल पहुंच जाती है। वह एक कमरे में जाकर ठहर जाती है।  सुबह शेषमणि की मां जल्दी उठती है तो अपने घर बेटे की प्रेमिका को देख हंगामा मच जाता है। लड़की को उसके घर भगाया जाता तो वह नहीं जाती। घर में खूब झगड़ा होता है। लड़की के घरवालों को बुलाया जाता है तो वह सीधे बोल देते हैं इतने दिन प्यार कर खेला तो शादी कर साथ रखे। 

जाने को कहा तो 15 लाख मांगे

शेषमणि का भी प्रेमिका से खूब झगड़ा होता है। प्रेमिका वापस जाने को तैयार नहीं होती। वह एक रट लगाए रहती है कि मांग में सिंदूर भरो तब जाऊंगी। सिंदूर भरने, शादी करने की बात पर युवक तैयार नहीं होता। जिसके बाद हंगामा होने पर गांव में पंचायत होती है। कहा जाता है कि 5 लाख रुपये लड़की को दिए जाएं ताकि वह अपनी जिंदगी फिर से शुरू करे। लड़के घरवाले मान भी जाते हैं लेकिन फिर बात 15 लाख तक आ जाती है। इसके बाद मामला समझौते से फिर बिगड़ जाता है। 

मारपीट, हंगामा और बदनामी के बाद शेषमणि एक घातक कदम उठाता है। बुधवार की सुबह वह घर से निकलता है और टोंस नदी में छलांग लगा देता है। इसके बाद तो कोहराम ही मच जाता है। सुबह से शाम तक गोताखोर, मल्लाह, नाविक शव की तलाश करते हैं। शाम 6 बजे शव बरामद हो जाता है। 

युवक की मौत के बाद चली गई युवती

कौंधियारा पुलिस ने दोनों परिवारों के बयान दर्ज किए हैं। युवक की मौत की खबर पाकर बिना शादी ससुराल पहुंची युवती वहां से चली जाती है। अभी भी एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लग रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच की जा रही है। DCP विवेक चंद्र यादव ने बताया कि दोनों पक्षो का बयान लिया गया हैं, जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई होंगी।

यह भी पढ़ें-

तीन बच्चों की मां का पड़ोसी पर आया दिल, साजिश रच पति की कराई हत्या; पुलिस ने किया खुलासा

लिव-इन में रह रहे कपल ने चौथे फ्लोर से लगाई छलांग, तेज आवाज सुन अपार्टमेंट के लोग पहुंचे... नजारा देख उड़े होश