1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पति ने पत्नी की गर्दन पर किया धारदार हथियार से हमला, अपनी गर्दन भी रेती, दोनों गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

पति ने पत्नी की गर्दन पर किया धारदार हथियार से हमला, अपनी गर्दन भी रेती, दोनों गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

मुरादाबाद में एक पति ने ससुराल पहुंचकर पत्नी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद की गर्दन भी काटने की कोशिश की।

Moradabad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पति ने पत्नी की गर्दन पर किया धारदार हथियार से हमला, अपनी गर्दन भी रेती

मुरादाबाद में घरेलू विवाद के बीच एक पति ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया कि पति-पत्नी दोनों की जान पर बन आई। पति ने अपनी ससुराल पहुंचकर पहले पत्नी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया और फिर उसी हथियार से खुद का गला काटने की कोशिश की। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

धारदार हथियार से पत्नी की गर्दन पर हमला

यह मामला नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट का है। जानकारी के मुताबिक, कटघर थाना क्षेत्र के करूला निवासी तौकीर की शादी फरीन से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। तौकीर दिल्ली में काम करता है। जब भी वह काम के सिलसिले में दिल्ली जाता था, तो फरीन को उसके मायके छोड़ जाता था। पिछले कुछ दिनों से फरीन अपने मायके में ही रह रही थी। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे तौकीर अपनी ससुराल पहुंचा। वहां उसने धारदार हथियार से पत्नी फरीन की गर्दन पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने उसी हथियार से अपनी गर्दन भी काट ली। अचानक हुई इस घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

फरीन के मुताबिक, दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की थी। उसने बताया कि तौकीर नशे का आदी है और अक्सर उसे छोड़ देने की धमकी देता रहता था। फरीन का कहना है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच कोई झगड़ा भी नहीं हुआ था। इसके बावजूद तौकीर ने पहले उस पर हमला किया और फिर खुद को भी घायल कर लिया।

दोनों की हालत गंभीर

एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि तौकीर कटघर थाना क्षेत्र के करूला का रहने वाला है। वह शनिवार दोपहर करीब दो बजे नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था। वहां पत्नी से विवाद के बाद उसने पहले फरीन को घायल किया और फिर खुद की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर लिया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तौकीर के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि इस समय सबसे पहली प्राथमिकता दोनों की जान बचाना है। शिकायत मिलने और घायलों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: राजीव शर्मा)

यह भी पढ़ें:

बिजनौर में पुलिस का बड़ा एक्शन, नमक के कट्टों की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, दो गिरफ्तार

कानपुर के हाई-प्रोफाइल पब के बाहर खूनी बवाल, बोतल से युवक का सिर फोड़ा, पांच सेकेंड में जड़े चार थप्पड़