लखनऊ: शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ लखनऊ की सीजेएम कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। हजरतगंज पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस नेपाल में भी संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। इस बीच नेपाल से श्रद्धा और उसके साथियों के कथित वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में है।
नेपाल में छिपे होने का दावा, रिक्शे पर दिखने का आया CCTV फुटेज
शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार श्रद्धा दुबे के नेपाल पहुंचने की खबरों के बीच एक कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें श्रद्धा अपने सहयोगी आदिल के साथ साइकिल रिक्शे पर दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इससे पहले भी नेपाल से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और दोस्त आदिल के ई-रिक्शे पर सवार होने की बात कही गई थी। हालांकि, इन वीडियो और तस्वीरों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर जारी किया नया वीडियो
इस बीच श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी कर शिवा शर्मा की मौत को आत्महत्या बताया है। उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा,
'मैं श्रद्धा दुबे हूं, जिसका नाम शिवा की हत्या के मामले में बार-बार लिया जा रहा है। मेरा उस हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। वह हत्या नहीं, आत्महत्या थी। मैंने अपनी आंखों से उसे बालकनी से कूदते देखा था।'
श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और उस पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था।
7 अक्टूबर की रात क्या हुआ था? श्रद्धा ने बताई पूरी कहानी
श्रद्धा के मुताबिक, घटना से पहले करीब 5 से 6 दिनों तक उसकी शिवा शर्मा से बातचीत नहीं हुई थी। उसने दावा किया कि 7 अक्टूबर को शिवा ने कपूरथला के मुख्य चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान के जरिए उसके ड्राइवर से संपर्क किया था। श्रद्धा का कहना है कि उस समय शिवा फोन पर काफी रो रहा था। उसने बताया कि इसके बाद उसने अपने मोबाइल नंबर से शिवा को 2 बार फोन किया, लेकिन दोनों बार उसकी कॉल नहीं उठाई गई।
रात करीब 2 बजे आया शिवा का फोन
श्रद्धा ने बताया कि रात करीब दो बजे शिवा का फोन आया। बातचीत के बाद शिवा अपनी BMW कार से उससे मिलने पहुंचा। इसके बाद दोनों पैडलर्स कैफे गए। श्रद्धा के मुताबिक, वहां शिवा ने उसके लिए माचा और अपने ड्राइवर के लिए जूस मंगवाया था। उसने यह भी दावा किया कि शिवा ने शराब पी रखी थी। श्रद्धा के अनुसार, इसके बाद दोनों घर पहुंचे। उसने बताया कि उस समय शिवा उसकी गाड़ी चला रहा था, जबकि उसका ड्राइवर शिवा की कार चला रहा था।
बहन और शिवा के दोस्तों को लेकर भी किया दावा
श्रद्धा ने अपने वीडियो में अपनी बहन रश्मि दुबे का भी जिक्र किया। उसने बताया कि 8 अक्टूबर को उसकी बहन पूजा से जुड़ी बातचीत के सिलसिले में उसके घर आई थी। श्रद्धा का दावा है कि उसकी बहन का शिवा से बहुत कम परिचय था और इस मामले से उसका कोई संबंध नहीं है। उसने यह भी कहा कि उसी दिन शिवा के कुछ दोस्त उसके घर आए थे। श्रद्धा के मुताबिक, इनमें अश्विनी मिश्रा और हर्ष नाम के व्यक्ति शामिल थे।
'अगर शिवा को प्रताड़ित किया जा रहा था, तो...?'
श्रद्धा ने सवाल उठाया कि अगर शिवा शर्मा को प्रताड़ित किया जा रहा था, तो उसके दोस्तों ने पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी। उसने दावा किया कि शिवा से उसकी मुलाकात करीब चार महीने पहले हुई थी और पिछले दो महीनों से दोनों रिलेशनशिप में थे। श्रद्धा ने शिवा की मां की ओर से लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर किए गए दावों पर भी सवाल उठाए। उसका कहना है कि दोनों के साथ रहने की अवधि और परिस्थितियों के बारे में कही जा रही बातें सही नहीं हैं। फिलहाल, मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें: फरार श्रद्धा दुबे नेपाल में ई-रिक्शा पर दिखी, नए VIDEO में बोली- मैंने अपनी आंखों से शिवा को छलांग लगाते देखा