1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. माफिया अतीक अहमद का करीबी बिल्डर गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

माफिया अतीक अहमद का करीबी बिल्डर गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

जमीन के विवाद में पूर्व ब्लाक प्रमुख सोनू कुमार पर हमला करने के तीन नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी जेपी दुबे का संबंध माफिया अतीक अहमद के गिरोह से भी रहा है।

जेपी दुबे (बाएं), सुनील पासी और विकास पासी (दाएं)- India TV Hindi
Image Source : REPORTER जेपी दुबे (बाएं), सुनील पासी और विकास पासी (दाएं)

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जमीन विवाद को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी बिल्डर जेपी दुबे, सुनील पासी, और विकास पासी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जेपी दुबे पर हमला करवाने और मारपीट करने का आरोप है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपल गांव में हुई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार ने आरोप लगाया कि बिल्डर जेपी दुबे और उसके साथी उनकी करोड़ों की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे और उस पर निर्माण करवा रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो कुछ लोगों ने जेपी दुबे से उनकी वीडियो कॉल पर बात कराई। सोनू कुमार के अनुसार, जेपी दुबे के कहने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

इस घटना के तुरंत बाद, पुलिस ने सोनू कुमार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया। डीसीपी अभिषेक भारती के निर्देश पर, एडिशनल डीसीपी अभिजीत कुमार ने एक टीम का गठन किया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया। एयरपोर्ट थाने के इंचार्ज विनय सिंह ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश की और उन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की।

माफिया अतीक अहमद से संबंध

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बिल्डर जेपी दुबे का संबंध माफिया अतीक अहमद के गिरोह से भी रहा है। वह अतीक के जमीन कारोबार में भी शामिल था। पहले भी पुलिस ने उसके खिलाफ शिकंजा कसा था और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी।

पुलिस का कहना है कि माफिया अतीक अहमद के जमीन कारोबार के नेटवर्क को तोड़ने के बाद भी, उसके करीबी लोग छुपकर इस धंधे को जारी रखे हुए हैं। इसी कारण, जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर पुलिस तुरंत कार्रवाई कर रही है। यही वजह है कि सफेदपोश लोगों की पैरवी के बावजूद पुलिस ने जेपी दुबे को गिरफ्तार किया।

जमीन पर अवैध कब्जा

जांच में यह भी सामने आया है कि बिल्डर जेपी दुबे रियल एस्टेट के कारोबार में अपनी जड़ें जमा चुका था। उसका मनोबल इतना बढ़ गया था कि वह लोगों को धमकाकर और मारपीट करके उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहा था। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार की करोड़ों की जमीन पर भी उसकी नजर थी, जिसके कारण उसने यह हमला करवाया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़ें-

भारतीय वायु सेना के इंजीनियर ने 24वीं मंजिल से लगाई छलांग, बहन के घर पर हुई ये घटना

सरकारी टीचर बना हत्यारा, शादीशुदा प्रेमिका पर लोहे की रॉड से हमला कर सुलाई मौत की नींद; अब हुए कई खुलासे