1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खौफनाक हादसा, 100 की स्पीड में ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खौफनाक हादसा, 100 की स्पीड में ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में 3 टेनिस खिलाड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, तीन लोग घायल हुए हैं। ये खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। बुधवार सुबह 5 बजे कार पीछे से ट्रक में घुस गई।

एक्सीडेंट में चकनाचूर...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एक्सीडेंट में चकनाचूर हुई अर्टिगा।

यूपी के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ।

झपकी आने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कार में कुल 6 लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। बुधवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झपकी आने से यह हादसा हुआ। कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे रही होगी।

Image Source : reporter inputबुधवार तड़के 5 बजे का डरावना मंजर।

कार का अगला हिस्सा चकनाचूर, टेनिस खिलाड़ी खून से लथपथ  

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

Image Source : reporter inputहादसे में क्षतिग्रस्त कार।

सोते-सोते मौत के मुंह में चले गए

हादसे में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौत हो गई। वहीं घायलों की पहचान देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू यादव (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) के रूप में हुई है। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायल जयंतो शर्मा ने बताया, ''हम लोग सो रहे थे। कार की टक्कर हुई तो नींद खुली। देखा तो कार ट्रक में घुसी हुई थी और हमारे साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने हम लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला।''

पुलिस की कार्रवाई

हादसे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने भी जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, एक मुजफ्फरनगर में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने परिवारों को झकझोर कर रख दिया। डंपर की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौत हो गई।

(रिपोर्ट- जागृति श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

20 बच्चों से भरी स्कूल बस खंभे से टकराई, रेत के ढेर पर चढ़ते ही बिगड़ा संतुलन; हादसे का LIVE फुटेज आया सामने

बंगा फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा: मनाली से लौट रही टूरिस्ट बस नीचे गिरी, कंडक्टर समेत 3 की मौत