A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिवाली मनाने देहरादून से घर जा रहे युवक को डंपर ने कुचला, मौके पर ही मौत

दिवाली मनाने देहरादून से घर जा रहे युवक को डंपर ने कुचला, मौके पर ही मौत

सहारनपुर में एक युवक के परिवार में दीपावली की खुशियां गम में बदल गईं। देहरादून-सहारनपुर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में सुंदर सिंह नामक युवक की डंपर से कुचलकर मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बस का इंतजार कर रहे एक 32 साल के युवक की डंपर ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एसपी सागर जैन ने बताया कि मृतक की पहचान सुंदर सिंह के तौर पर हुई है, जो छजपुरा गांव का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि वह सोमवार रात देहरादून-सहारनपुर मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा था, तभी सहारनपुर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

देहरादून में मजदूरी करता था युवक

घटना के बाद, गुस्साए गांव वाले घटनास्थल पर जमा हो गए और डंपर ड्राइवर को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि उप जिलाधिकारी सुबोध कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार को हर मुमकिन मदद और वाहन चालक को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि सुंदर देहरादून में मजदूरी करता था और दिवाली मनाने घर जा रहा था। 

सिलेंडर फटने से ढह गया घर

वहीं, यूपी के आगरा में भी दिवाली के दिन बड़ा हादसा हो गया। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के किशोरपुरा गली नंबर 5 में स्थित एक घर में सिलेंडर फटने से पूरा मकान धराशायी हो गया। धमाका इतना तेज था कि आस-पास के मकानों में भी दरारें आ गईं। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें-

पहले करते रहे बात, फिर एक के बाद एक 5 गोलियां सीने में उतार दीं; मर्डर का ऐसा VIDEO आया..जिसने देखा वो दहल गया

दिवाली पूजन कर घर लौटा व्यापारी, पीछे से दुकान जलकर हुई राख, देख फूट फूटकर रोया; VIDEO