उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर से खौफनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की शाम यहां एक चलती हुई स्लीपर बस में भीषण आग लग गई है। स्लीपर बस में आग लगने के बाद आस-पास में पूरी तरह से हड़कंप मच गया है। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, ये मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र का है।
बस में 32 लोग थे सवार
PTI की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जिस डबल डेकर बस में आग लगी है वह दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के लिए जा रही थी। गनीमत ये रही है कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया है कि जब ये हादसा हुआ तब बस में 32 लोग सवार थे और सभी को सकुशल तरीके से बस से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, बस से यात्रा कर रहे लोगों का सारा सामान जल गया। आपको बता दें कि इससे पहले 24 सितंबर को भी ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर एक स्लीपर बस में आग लग गई थी। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे।
प्रशासन ने क्या बताया?
मंगलवार को हुए इस हादसे के बारे में दमकल अधिकारी ने बताया है कि मंगलवार की शाम को दमकल विभाग को खबर मिली कि ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 150 के पास एक डबल डेकर बस में आग लग गई है। घटना के बारे में सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे जिसके बाद कड़ी मशक्कत करने पर आग पर काबू पाया जा सका। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बस में लग आग का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है।
अधिकारियों ने बताया है कि ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में बस तो पूरी तरह से जल गई है लेकिन किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। बस में जितने लोग भी सवार थे उनको बिहार भेजने के लिए अलग से बस की व्यवस्था कराई जा रही है। अब तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौत, 3 घायल
कानपुर में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गले में रस्सी बांधकर घसीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम