1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में दारोगा ने दिखाई वर्दी की हनक, सरेआम दुकानदार को जड़ा थप्पड़

कानपुर में दारोगा ने दिखाई वर्दी की हनक, सरेआम दुकानदार को जड़ा थप्पड़

कानपुर में यूपी पुलिस में दारोगा ब्रजेश कुमार ने अपनी वर्दी की हनक में पनकी थाना क्षेत्र की एमआईजी कॉलोनी में चल रहे अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान में वहां के एक दुकानदार को सरेआम जोरदार थप्पड़ जड़ दिया

Police inspector slaps a shopkeeper in public- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक को मारते यूपी पुलिस में दारोगा

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में यूपी पुलिस में दारोगा ने अपनी वर्दी की हनक दिखाते हुए सरेआम एक दुकानदार को थप्पड़ जड़ दिया। दरअसल कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र की एमआईजी कॉलोनी में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद एक चोखा-बाटी के दुकानदार ने अपनी रोजी-रोटी का हवाला देते हुए इस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। दुकानदार का विरोध करना वहां तैनात पनकी थाने के दारोगा ब्रजेश कुमार को इस कदर नागवार गुजरा कि उन्होंने आव देखा न ताव और सरेआम दुकानदार को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।

दारोगा के थप्पड़ मारते ही मचा हड़कंप

पुलिसिया रौब का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसने मित्र पुलिस वाले दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानपुर के दारोगा ब्रजेश कुमार ने दुकानदार का विरोध करना इतना बुरा लग गया कि उन्होंने उसे जब जोरदार थप्पड़ जड़ा तो वहां पर हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद नगर निगम की टीम ने भी संवेदनशीलता की सारी हदें पार कर दीं और विरोध कर रहे उस लाचार दुकानदार को बेरहमी से घसीटते हुए वहां से अलग हटाया। गरीब की रोजी-रोटी पर चले इस बुलडोजर और पुलिसिया रौब का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लखनऊ में होमगार्ड से बदसलूकी

वहीं यूपी की राजधानी लखनऊ से इसके उलट एक मामला सामने आया है। यहां हैदरगंज चौराहे पर कार से रॉन्ग साइड से आ रहे युवक को रोकना होमगार्ड को भारी पड़ गया। युवक ने कार से उतरकर होमगार्ड को धक्का दिया और इसकी वजह से होमगार्ड सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद भी युवक नहीं रुका और होमगार्ड से हाथापाई की। इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। चश्मदीदों के अनुसार, हैदरगंज चौराहे पर उस वक्त सामान्य रूप से गाड़ियों की आवाजाही चल रही थी। तभी होमगार्ड ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने कोशिश कर रहा था उन्होंने रॉन्ग साइड से आ रही एक कार को रोकने की कोशिश की। इसपर कार ड्राइव करने वाला युवक भड़क गया और अपनी गाड़ी से उतरकर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के साथ बदसलूकी करने लगा।

(रिपोर्ट - ज्ञानेंद्र शुक्ला)

ये भी पढ़ें

नोएडा पुलिस ने पकड़े 2 चोर, घरों में घुसकर करते थे वारदात, 1 बाइक और 20 हजार रुपये बरामद

सो रही युवती को भाई ने मारी गोली, बहन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस